Chhattisgarh: दंतेवाड़ा में मुठभेड़ में पांच लाख का इनामी नक्सली ढेर, बीजापुर में दो नक्सली गिरफ्तार
Chhattisgarh दंतेवाड़ा में मुठभेड़ में एक पांच लाख के इनामी नक्सली को मार गया है। वहीं बीजापुर में दो नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं। दंतेवाड़ा में मुठभेड़ में मारे गए नक्सली की पहचान महंगू उर्फ ड़ेंगा उर्फ देवा के रूप में की गई है।
दंतेवाड़ा, जेएनएन। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में कटेकल्याण के जंगल में जवानों ने मुठभेड़ में एक पांच लाख के इनामी नक्सली को मार गिराया है। जबकि बीजापुर में दो नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं। दंतेवाड़ा में मुठभेड़ में मारे गए नक्सली की पहचान महंगू उर्फ ड़ेंगा उर्फ देवा के रूप में की गई है। उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि कटेकल्याण के जंगल में नक्सली जुटे हुए हैं। सूचना के आधार पर डीआरजी जवानों को सर्च आपरेशन के लिए भेजा गया था। दोपहर डेढ़ बजे के करीब जंगल में पहुंचते ही नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला। कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद नक्सली भाग खड़े हुए। मौके की तलाशी में एक नक्सली का शव बरामद किया गया। दंतेवाड़ा एसपी सिद्घार्थ तिवारी ने बताया कि इलाके में सर्चिंग की जारी है।
बीजापुर में दो नक्सली गिरफ्तार
बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत गुरुवार को सुरक्षाबल के जवानों ने गंगालूर इलाके से दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया। नक्सली सुक्कू पोटाम व सन्नाू पोटाम कई घटनाओं में शामिल थे। इन्होंने चार अगस्त, 2021 को पुसनार के एक ग्रामीण के घर में लूट की घटना को अंजाम दिया था। पकड़े गए नक्सलियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।
बीजापुर में नक्सलियों ने की सरपंच की हत्या
बीजापुर जिले के ग्राम मोरमेड़ के सरपंच पतिराम कुडियम की मंगलवार की रात नक्सलियों ने पुलिस की मुखबिरी के शक में धारदार हथियार से हत्या कर दी। एएसपी पंकज शुक्ला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपित नक्सलियों की पतासाजी की जा रही है।
हथियारबंद नक्सली मंगलवार की रात करीब सात बजे जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर तोयनार थाना क्षेत्र के ग्राम मोरमेड़ पहुंचे और सरपंच पतिराम का अपहरण कर लिया। नक्सली उस पर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगा रहे थे। वे उसे जंगल की ओर ले गए और धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। तोयनार थाना प्रभारी मनीष पांडे ने बताया कि इस घटना से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई है।