NHAI पर केस दर्ज, हाईवे पर लगे लंबे जाम के बाद मेंटेनेंस कंपनी को देंने होंगे 10 लाख रुपये
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दो ट्रेलरों की टक्कर से लगे 12 घंटे के जाम के मामले में कार्रवाई हुई है।

दो ट्रेलरों की टक्कर से कोरबा में 12 घंटे लंबा जाम लगा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के मदनपुर घाट पर 12 अक्टूबर की सुबह दो ट्रेलरों की टक्कर के बाद 12 घंटों तक लगे रहे जाम के मामले में कार्रवाई की गई है।
राहत कार्यों में लापरवाही बरतने पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने ऑपरेशंस एंड मेंटेनेंस की जिम्मेदारी संभाल रही 'मेसर्स रविंद्र' एजेंसी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इधर, पुलिस ने एनएचएआई के विरुद्ध न्यायालय में परिवाद दायर किया है।
NHAI पर दर्ज हुआ केस
एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि कटघोरा की ओर आ रहा ट्रेलर खराबी के कारण सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर जा रहा ट्रेलर उससे टकरा गया।
दुर्घटना के बाद बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं, एनएचएआई की जांच में पाया गया कि राहत कार्य के दौरान संबंधित एजेंसी का परियोजना प्रबंधक मौके पर नहीं था।
समय पर नहीं मिली मदद
क्रेन ऑपरेटर की अनुपलब्धता और रिकवरी उपकरणों के लिए पर्याप्त ईंधन नहीं होने से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने में देरी हुई। 1033 हेल्पलाइन पर बार-बार सूचना के बावजूद समय पर मदद नहीं मिली।
इसे हाईवे पेट्रोलिंग के मानकों का उल्लंघन मानते हुए पेनल्टी लगाई गई। वहीं पुलिस ने आपात स्थिति में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाते हुए कटघोरा न्यायालय में परिवाद दायर किया है।
यह भी पढ़ें- NHAI ने बढ़ा दी ठेकेदारों की टेंशन, 500 करोड़ वाले प्रोजेक्ट के लिए आया नया नियम
