विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़: IPS अंकिता शर्मा ने साड़ी पहनकर AK- 47 से की फायरिंग, रायपुर में पुलिस कमिश्नर ने किया शस्त्र पूजन

Published: Tue, 20 Oct 2026 08:16 PM (IST)Updated: Tue, 20 Oct 2026 08:56 PM (IST)

रायपुर पुलिस लाइन में विजयादशमी के अवसर पर पारंपरिक शस्त्र पूजन किया गया, जिसमें एसपी अंकिता शर्मा और पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला शामिल हुए।

IPS अंकिता शर्मा ने साड़ी पहनकर AK- 47 से की फायरिंग। (सोशल मीडिया)

 IPS अंकिता शर्मा ने साड़ी पहनकर AK- 47 से की फायरिंग। (सोशल मीडिया)

HighLights

  1. रायपुर पुलिस लाइन में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन।

  2. एसपी अंकिता शर्मा ने की पारंपरिक हर्ष फायरिंग।

  3. पुलिस अधिकारियों ने जनसेवा और सुरक्षा का संकल्प लिया।

डिजिटल डेस्क, रायपुर। विजयादशमी पर पुलिस लाइन स्थित रक्षित आरक्षित केंद्र में पारंपरिक शस्त्र पूजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की मौजूदगी में शस्त्रागार में रखे अस्त्र-शस्त्रों और विभागीय वाहनों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। अनुष्ठान के बाद एसपी ने हर्ष फायर कर परंपरा का निर्वहन किया।

पंडित के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राइफल, रिवाल्वर, गोला-बारूद सहित पुलिस विभाग के उपयोग में आने वाले अन्य अस्त्र-शस्त्रों का पूजन किया गया। विभागीय वाहनों पर तिलक लगाकर उनकी भी पूजा की गई। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मी और जवान उपस्थित रहे।

शस्त्र पूजन कर पुलिस कमिश्नर ने लिया सुरक्षा और जनसेवा का संकल्प

विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की पुलिस लाइन में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शस्त्र और पुलिस वाहनों की पूजा-अर्चना की गई। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने विधि-विधान से माता शक्ति की आराधना की और हवन-पूजन कर शस्त्रों व वाहनों की पूजा की।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनसेवा, नागरिकों की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

विजयादशमी पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस बल की शौर्य, पराक्रम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की परंपरा का निर्वहन किया गया। शस्त्र पूजन को पुलिस बल के साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण के प्रतीक के रूप में मनाया गया। यह पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। इसी भावना के साथ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

पुलिस बैंड की धुनों से भक्तिमय हुआ माहौल

कार्यक्रम में पुलिस बैंड ने माता की आरती के साथ देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों की प्रस्तुति दी। इससे पुलिस लाइन का वातावरण भक्तिमय और राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो गया। बैंड की प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। पूजा-अर्चना के दौरान परंपरा के अनुसार हर्ष फायरिंग भी की गई।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. शुक्ला ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्व के महत्व के साथ पुलिस बल की जिम्मेदारियों और जनसुरक्षा के उद्देश्य को रेखांकित किया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त राबिन्सन गुरिया, स्मृतिक राजनाला, डॉ. अर्चना झा, दीपमाला कश्यप और तारकेश्वर पटेल उपस्थित रहे। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त निमिषा पांडेय, सहायक पुलिस कमिश्नर सतीश ठाकुर, निलेश द्विवेदी और सीमा अहिरवार सहित रक्षित निरीक्षक अनीश कुमार सारथी व कमिश्नरेट के अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और सम्मानित नागरिक भी शामिल हुए।