Move to Jagran APP

भिलाई: सड़क चौड़ीकरण के लिए काटे जा रहे पेड़ों के लिए 'ऑक्सीजन' बनीं नेहा, ढाई साल में 296 पेड़ किए शिफ्ट

भिलाई में सड़क चौड़ीकरण के लिए पेड़ों की कटाई की बात सुनने के बाद नेहा ने इन्हें बचाने के लिए मुहिम शुरू की। उन्होंने लंदन के एक विश्वविद्यालय से आर्बोरिकल्चर की पढ़ाई की। यहीं से उन्होंने पेड़ों को शिफ्ट करने से जुड़ा तकनीक ज्ञान प्राप्त किया।

By Jagran NewsEdited By: Yogesh SahuPublished: Wed, 22 Mar 2023 05:42 PM (IST)Updated: Wed, 22 Mar 2023 05:42 PM (IST)
भिलाई: सड़क चौड़ीकरण के लिए काटे जा रहे पेड़ों के लिए 'ऑक्सीजन' बनीं नेहा, ढाई साल में 296 पेड़ किए शिफ्ट
सड़क चौड़ीकरण के लिए काटे जा रहे पेड़ों के लिए 'ऑक्सीजन' बनीं नेहा, ढाई साल में 296 पेड़ किए शिफ्ट

चंद्रकांत श्रीवास्तव, भिलाई। पर्यावरण के प्रति बचपन से लगाव रखने वाली शहर की एक बेटी विकास कार्यों में प्रभावित होने वाले पेड़ों के लिए आक्सीजन बनीं।

loksabha election banner

नेहा बंसोड़ ने ढाई साल में सड़क चौड़ीकरण अथवा अन्य निर्माण के दायरे में आने वाले 296 पेड़ों को अन्य स्थान पर शिफ्ट किया। पेड़ों को शिफ्ट करने के 15 दिन पहले से लेकर शिफ्ट करने के 90 दिनों तक नेहा उनकी देखरेख भी करती है।

भिलाई-तीन पदुमनगर निवासी 30 वर्षीय नेहा बंसोड़ बताती हैं, 'बात सन 2019-20 की है। पदुमनगर में ही सड़क का चौड़ीकरण प्रस्तावित था।

इसके लिए 36 पेड़ों को काटने के लिए चिह्नित किया गया। मुझे इसकी जानकारी मिली तो इन पेड़ों को बचाने का ठाना। मोहल्लेवालों को एकजुट किया।

निगम आयुक्त, कलेक्टर और सभांगायुक्त तक गुहार लगाई। फिर पेड़ शिफ्ट करवाए गए। नेहा ने वानिकी एवं वन्य जीव पर स्नातकोत्तर बस्तर विवि से किया है।

वहीं, वृक्ष संवर्धन यानी आर्बोरिकल्चर की पढ़ाई विदेश से की है। इसमें ही पेड़ों की शिफ्टिंग से जुड़ी तकनीकी सहित अहम जानकारी मिली।

नेहा के पिता प्रमोद बंसोड़ बीएसपी कर्मी हैं। वहीं मां नंदा गृहिणी हैं। छोटा भाई अभिजीत पढ़ाई कर रहा है। नेहा बताती हैं कि उसके स्वजन उन्हें इस कार्य के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

मुरझाया पेड़ देख रो पड़ीं

नेहा बताती हैं कि पदुमनगर में जो पहला पेड़ शिफ्ट कराया, वह मजूदरों की लापरवाही के कारण नहीं लग पाया। इस घटना ने नेहा को झकझोर दिया।

इसके बाद नेहा ने स्वयं ही एक फर्म बनाकर पेड़ों की शिफ्टिंग का काम करने का संकल्प लिया। पदुमनगर में शिफ्ट किए गए 36 में से 30 पेड़ जीवित हैं।

नेहा ने मध्यप्रदेश के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के बाहर रिसॉर्ट क्षेत्र में 70 पेड़ों, भिलाई व दुर्ग में अलग-अलग स्थानों पर शासकीय योजनाओं के प्रभावित 50 पेड़ों एवं निजी फार्म हाउस आदि में 140 करीब पेड़ों को शिफ्ट किया। इसमें कई स्थानों पर मुफ्त सेवाएं भी दीं।

इस प्रकार करते हैं पेड़ों की शिफ्टिंग

नेहा बताती हैं कि पेड़ों के शिफ्टिंग से 15 दिनों से पहले ही ट्रीटमेंट शुरू हो जाता है। जैसे-जैसे पेड़ों की जड़ों को कमजोर किया जाता है, वैसे ही आवश्यक पोषक तत्व देने के लिए 22 तरह की औषधियों का उपयोग शुरू कर किया जाता है।

पेड़ बड़ा है तो मुख्य तने को छोड़ अन्य शाखाओं को काट दिया जाता है। इसके बाद ही क्रेन व जेसीबी के माध्यम से उसे अन्य स्थान पर न्यूनतम पांच फीट गहरे गड्ढे में शिफ्ट करते हैं।

90 साल के पेड़ को शिफ्ट करना था बड़ा चैलेंज

नेहा के अनुसार, अब तक उन्होंने करंज, सप्तपर्णी, पीपल, बरगद, सेमल, गुलमोहर, नीम, सिरिस व शीशम के पेड़ों को शिफ्ट किया है।

इसमें 90 साल के पीपल के पेड़ को शिफ्ट करना, उनके लिए चैलेंजिंग था। सुपेला रेलवे फाटक के पास बन रहे अंडरब्रिज में प्रभावित इस पेड़ को निकालने में ही उनकी टीम को छह दिन लग गए थे।

आज उस पेड़ से पत्तियां उग आई हैं। नेहा ने बताया कि सामान्य पेड़ की शिफ्टिंग में 10 से 12 हजार का खर्च आता है।

वहीं, भारी-भरकम पेड़ जो 50 वर्ष से अधिक आयु के होते हैं, उन्हें शिफ्ट करने में 35 से 50 हजार रुपये तक का खर्च आता है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.