छत्तीसगढ़: इंद्रावती नदी में बाढ़ में फंसे 12 लोगों का वायु सेना ने किया रेस्क्यू, रात से कर रहे थे मदद का इंतजार
भारतीय वायु सेना ने छत्तीसगढ़ की इंद्रावती नदी में आई बाढ़ में फंसे 12 लोगों को बचाया, जिनमें तीन बच्चे ...और पढ़ें

HighLights
इंद्रावती नदी की बाढ़ में 12 लोग फंसे थे।
भारतीय वायु सेना ने Mi-17V5 हेलीकॉप्टर से बचाया।
गरुड़ कमांडो ने छत से लोगों को सुरक्षित निकाला।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। इंद्रावती नदी में आई बाढ़ में फंसे 12 लोगों को भारतीय वायु सेना की मदद से बचा लिया गया है। बाढ़ में फंसे लोगों में तीन बच्चे और दो महिलाएं भी शामिल थीं। ये लोग बाढ़ की वजह से रात भर फंसे रहे।
बचाव के लिए मिले कॉल के बाद ये बचाव अभियान जगदलपुर से संचालित किया गया। नदी में तेजी से बढ़े जलस्तर की वजह से लोगों को बाहर जाने का वक्त नहीं मिल पाया और वो फंस गए। इसके बाद वायु सेना की मदद से एमआई-17वी5 (Mi-17V5) हेलीकॉप्टर से इन लोगों को बचाया गया।
इससे पहले भी बाढ़ में डूब चुके हैं गांव
इससे पहले सितंबर में आए बाढ़ की वजह से गांव डूब चुके थे। इस बार प्रशासन काफी अलर्ट है और इलाके में राहत और बचाव कार्य चला रहा है। जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में काम कर रहे डॉक्टर अभिजीत साहू ने बताया कि बाढ़ के कारण हर घंटे जलस्तर बढ़ रहा है। इनके बीच हम लोगों को इलाज देने की कोशिश कर रहे हैं। पानी में भीगने के कारण बच्चों को सर्दी जुकाम और बुखार हो गया है।
इधर राहत बचाव में लगे अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन पीड़ित परिवारों तक राहत सामान पहुंचाने में लगा है।
कैसे गरुड़ कमांडो ने बचाया
बचाव अभियान में लगे सेना के अधिकारियों ने बताया कि डोंगाघाट गांव में कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना पर खोजबीन शुरू की गई। वहां पर जब सेना के जवान पहुंचे तो कच्ची झोपड़ी की छत पर कुछ लोगों को देखा। इसके बाद गरुड़ कमांडो को छत पर उतार कर लोगों को ऊपर हेलीकॉप्टर में खींच कर बैठाया गया। उन्होंने बताया कि पानी के बढ़ते स्तर की वजह से मकान के गिरने का खतरा बना हुआ था लेकिन किसी तरह हम उन्हें बचाने में कामयाब रहे।
(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)
