सीएम जनदर्शन में आर्थिक तंगी से परेशान युवक ने किया आत्मदाह
मुख्यमंत्री जनदर्शन में फरियाद लेकर पहुंचे एक युवक ने खुद पर केरोसीन उड़ेलकर आग लगा ली। उसे अंबेडकर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वह करीब 30 परसेंट जल गया है।
रायपुर। मुख्यमंत्री जनदर्शन में फरियाद लेकर पहुंचे एक युवक ने खुद पर केरोसीन उड़ेलकर आग लगा ली। उसे अंबेडकर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वह करीब 30 परसेंट जल गया है।
घायल युवक योगेश कुमार साहू (28) शहर के आउटर क्षेत्र उरला का रहने वाला है। वह अपनी कुछ फरियाद लेकर सीएम जनदर्शन में सुबह करीब 9 बजे ही पहुंचा था। दोपहर करीब 12 बजे सीएम से मिलकर वह निकला और सीएम हाउस से करीब 50 मीटर दूर केरोसीन छिड़ककर आग लगा ली।
बेरोजगारी से परेशान
अंबेडकर में भर्ती योगेश पिता निषादराम साहू का बयान अभी पुलिस नहीं ले पाई है। सूत्रों के मुताबिक युवक बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से परेशान था। उसने पहले भी दो-तीन बार सीएम को आवेदन दिया लेकिन मांग पूरी नहीं होने से यह कदम उठाया। हालांकि, आवेदन में उसने क्या लिखा है, यह पता नहीं चला है।