विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़: मतांतरण के दबाव में युवक ने की थी आत्महत्या, पत्नी, सासू और साले समेत सभी 5 दोषियों को 5 साल की सजा

Published: Fri, 09 Oct 2026 10:52 PM (IST)

धमतरी में मतांतरण के दबाव में आत्महत्या करने वाले युवक लीनेश कुमार साहू की पत्नी समेत पांच दोषियों को पांच-पांच वर्ष की सजा सुनाई गई है।

कोर्ट ने 5 दोषियों को सुनाई 5 साल की सजा (प्रतिकात्मक तस्वीर)

कोर्ट ने 5 दोषियों को सुनाई 5 साल की सजा (प्रतिकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. धमतरी में मतांतरण के दबाव में युवक ने की आत्महत्या।

  2. पत्नी सहित पांच दोषियों को पांच वर्ष की सजा मिली।

  3. अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर सुनाया अहम फैसला।

जेएनएन, धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में विवाह के एक वर्ष बाद ही मतांतरण के दबाव में आत्महत्या करने वाले युवक लीनेश कुमार साहू की पत्नी सहित पांच दोषियों को पांच-पांच वर्ष की सजा सुनाई गई है।

दिसंबर 2024 की उक्त घटना में अपर सत्र न्यायाधीश अर्चना भास्कर ने साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पत्नी की बड़ी बहन और साली को भी दोषी माना है।

बता दें कि युवक का सितंबर 2023 में विवाह हुआ था। शादी के तीन-चार महीने बाद से ही सभी आरोपित लीनेश और उसके माता-पिता पर मतांतरण का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर वे आए दिन लड़ाई-झगड़ा करते थे, जिससे क्षुब्ध होकर युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

घटना छह दिसंबर 2024 की है। युवक ने आत्महत्या करने से पहले वाट्सएप स्टेटस पर और अपने बहनोई को मैसेज भेजकर आरोपितों पर मतांतरण के लिए बार-बार दबाव बनाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।

जिसके आधार पर पुलिस ने पत्नी समेत पांचों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चालान न्यायालय में पेश किया था, जहां साक्ष्यों और गवाहों के बयानों से आरोपों की पुष्टि हुई।