छत्तीसगढ़ कोयला घोटाला: कुमार विश्वास के कार्यक्रम को मिले 25 लाख, विधायक देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी की चैट से खुलासा
570 करोड़ के कोल लेवी घोटाले में ईओडब्ल्यू के छठे पूरक चालान में कवि डॉ. कुमार विश्वास के कार्यक्रम का उल्लेख किया गया है।

कुमार विश्वास के कार्यक्रम को 25 लाख रुपये मिलने का जिक्र
HighLights
ईओडब्ल्यू ने कोल लेवी घोटाले में छठा पूरक चालान पेश किया
कुमार विश्वास के कार्यक्रम को 25 लाख रुपये मिलने का जिक्र
देवेंद्र यादव-सूर्यकांत तिवारी की वाट्सएप चैट से हुआ खुलासा
डिजिटल डेस्क, रायपुर। 570 करोड़ के कोल लेवी घोटाले में ईओडब्ल्यू की ओर से पेश किए गए छठे पूरक चालान में कवि डॉ. कुमार विश्वास के कार्यक्रम का भी उल्लेख किया गया है।
जांच एजेंसी ने चालान की समरी में विधायक देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी के बीच हुई वाट्सएप बातचीत का हवाला देते हुए कहा है कि खैरागढ़ में रामनवमी के अवसर पर आयोजित कुमार विश्वास के कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपये की व्यवस्था किए जाने का उल्लेख बातचीत में मिला है।
ईओडब्ल्यू ने सोमवार को रायपुर की विशेष अदालत में नौ हजार से अधिक पन्नों का पूरक चालान पेश किया है। इसमें 12 आरोपितों से संबंधित जांच सामग्री, दस्तावेज, डायरी की प्रविष्टियां, बातचीत और अन्य साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है। कुमार विश्वास के कार्यक्रम से संबंधित बातचीत भी इसी जांच सामग्री का हिस्सा है।
पांच अप्रैल की बातचीत में रकम का उल्लेख
चार्जशीट की समरी में पांच अप्रैल 2022 को देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी के बीच हुई बातचीत का उल्लेख है। ईओडब्ल्यू के अनुसार, इस बातचीत में रामनवमी के अवसर पर कुमार विश्वास के कार्यक्रम के लिए 25 लाख रुपये की व्यवस्था किए जाने की बात सामने आई।
इसके बाद छह अप्रैल की बातचीत और सात अप्रैल को ‘दुर्ग समूह’ में हुई बातचीत में नकद राशि मिलने तथा उसे आगे पहुंचाने से संबंधित संदेशों का भी उल्लेख किया गया है।
जांच एजेंसी ने इन बातचीत के संदेशों के चित्रों को अभियोग पत्र के साथ परिशिष्ट के रूप में संलग्न किया है। एजेंसी ने बातचीत को जब्त डायरी और राशि पहुंचाने वाले लोगों के कथनों से मिलाकर जांच करने की बात कही है।
खैरागढ़ उपचुनाव के दौरान हुआ था कार्यक्रम
कुमार विश्वास का ‘हमर भांचा राम’ कार्यक्रम वर्ष 2022 में खैरागढ़ उपचुनाव के दौरान आयोजित किया गया था। उस समय कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक विवाद भी सामने आया था। भाजपा की ओर से निर्वाचन आयोग में शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई थी।
शिकायत में रामनवमी पर शोभायात्रा की अनुमति नहीं देने और कांग्रेस की ओर से आयोजित कुमार विश्वास के कार्यक्रम को अनुमति दिए जाने का मुद्दा उठाया गया था। ईओडब्ल्यू की मौजूदा जांच में कार्यक्रम के आयोजन से संबंधित 25 लाख रुपये की व्यवस्था का उल्लेख देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी के बीच हुई बातचीत के आधार पर किया गया है।
देवेंद्र के नाम से 35 लाख की प्रविष्टि
पूरक चालान में नौ अप्रैल 2022 को देवेंद्र यादव और सूर्यकांत तिवारी के बीच खैरागढ़ पहुंचने को लेकर हुई बातचीत का भी उल्लेख है। इसी दिन जब्त डायरी बीएस-01 में देवेंद्र यादव के नाम से 35 लाख रुपये की प्रविष्टि मिलने का दावा ईओडब्ल्यू ने किया है।
जांच में नवाज नामक व्यक्ति द्वारा देवेंद्र यादव के लिए भेजी गई राशि प्राप्त करने और उसके माध्यम से राशि पहुंचाए जाने का उल्लेख भी किया गया है। 30 मार्च 2022 की 10 लाख रुपये की डायरी प्रविष्टि के संबंध में भी इसी तरह का कथन दर्ज होने की बात कही गई है।
