Sukma Naxal News: छत्तीसगढ़ के सुकमा में पांच लाख का इनामी नक्सली ढेर, डीआरजी जवानों की कार्रवाई
Sukma Naxal News छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सोमवार सुबह डीआरजी के जवानों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक इनामी नक्सली को मारा गया। अन्य नक्सलियों को गोली लगने की सूचना है। सुकमा एसपी सुनील शर्मा द्वारा मुठभेड़ की पुष्टि की गई।
रायपुर, जागरण संवाददाता। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र सुकमा जिले के भेज्जी इलाके में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के जवानों को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार सुबह 6 बजे नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में डीआरजी के जवानों ने पांच लाख के इनामी नक्सली को मार गिराया। मारे गए नक्सली की पहचान डीवीसी सदस्य हड़मा के रुप में हुई है। सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। इलाके में सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।
जानकारी के मुताबिक सुकमा जिले के पटेलपारा और बंकूपारा के पास सुबह 6 बजे ही नक्सलियों और डीआरजी जवानों की टीम के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में डीवीसी सदस्य हड़मा को डीआरजी के जवानों ने मार गिराया। वहीं अन्य नक्सलियों के भी घायल होने की खबर है।
भंडारपदार के जंगलों में हुई मुठभेड़
समाचार एजेंसी एएनआई ने भी छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों के साथ डीआरजी के जवानों की मुठभेड़ की पुष्टि की है। एजेंसी के अनुसार, सुकमा जिले के भंडारपदार जंगली क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुई जिसमें एक नक्सली मारा गया।
Chhattisgarh | One naxal killed in exchange of fire between DRG and naxals in Bhandarpadar forest area of Sukma district— ANI MP/CG/Rajasthan (@ANI_MP_CG_RJ) August 1, 2022
सूत्रों की मानें तो मारे गए नक्सली डीवीसी सदस्य हड़मा का शव बरामद कर लिया गया है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होनी बाकी है।
सुकमा में नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई तेज
बताते चलें कि छत्तीसगढ़ में सुकमा जिले में नक्सलियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। 22 जुलाई को सुकमा के फुलपगड़ी थाना क्षेत्र के मुलेर इलाके में सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स) और डीआरजी (जिला रिजर्व गार्ड) के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई थी जिसमें एक नक्सली मारा गया था।