छत्तीसगढ़ में डबल मर्डर: मां का शव बाथरूम में, बेटे की लाश 20 KM दूर गड्ढे में मिली
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 17 वर्षीय बेटे सुजल की निर्मम हत्या कर दी गई।

छत्तीसगढ़ में डबल मर्डर।
HighLights
शिक्षिका रजनी और बेटे सुजल की निर्मम हत्या।
मां का शव घर में, बेटे का 20 किमी दूर।
पुलिस संदिग्धों से कर रही है गहन पूछताछ।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 17 वर्षीय पुत्र सुजल की हत्या कर दी गई। शनिवार को दोनों के शव अलग-अलग मिले।
रजनी का शव घर के बाथरूम में, जबकि सुजल का शव घर से करीब 20 किमी दूर गड्ढे में पाया गया। दोनों के शरीर पर चोट के घातक निशान मिले। किशोर की स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर पेट्रोल पंप पर लावारिस खड़ी मिली। मृतका का पांच वर्ष पूर्व तलाक हो चुका था। वह अपने पुत्र के साथ रहती थी। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार की सुबह किशोर का शव मिला था। उस समय तक शव की पहचान नहीं हो पाई थी। शनिवार को देर शाम जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले मृतक के मामा-मामी व नानी बिश्रामपुर पहुंचे थे। घर पर ताला लगा होने व सुजल व उसकी मां के फोन नहीं उठाने से आशंकित होकर वे थाने पहुंचे।
थाने में संदेह के आधार पर पुलिस ने उन्हें किशोर के शव की फोटो दिखाई, जिसकी पहचान उसके मामा ने सुजल बरेठ के रूप में की। उन्होंने बताया कि सुजल की मां भी फोन नहीं उठा रही थीं। संदेह के आधार पर पुलिस ने शनिवार की रात घर का ताला तोड़ा तो बाथरूम में रजनी का शव मिला। पुलिस को शवों के पास से मोबाइल नहीं मिले।
