तीन सौ नक्सलियों के विरुद्ध मामला दर्ज
थाना दरभा में कमांडर देवा समेत तीन सौ नक्सलियों के विरुद्ध मामला पंजीबद्घ किया गया है। वहीं ग्रामीणों को सुरक्षा के लिहाज से चौकी पखनार में रखा गया है।
रायपुर, जगदलपुर, ब्यूरो। दरभा क्षेत्र के ग्राम मुंदेनार निवासी आठ समर्पित नक्सलियों को अगवा कर उनकी बेदम पिटाई के मामले में थाना दरभा में कमांडर देवा समेत तीन सौ नक्सलियों के विरुद्ध मामला पंजीबद्घ किया गया है। वहीं ग्रामीणों को सुरक्षा के लिहाज से चौकी पखनार में रखा गया है।
ज्ञात हो कि चार माह पूर्व मुंदेनार निवासी मासे, आयतू,जोगा, चिंगडु, बामन, बामन नाग समेत आठ संघम सदस्यों ने पुलिस के समक्ष सरेंडर किया था। इससे नक्सली नाराज चल रहे थे। इसके बाद समर्पित नक्सली गांव में ही रह रहे थे। छह दिसम्बर को नक्सल कमांडर देवा, जगदीश व माहंगू समेत करीब तीन सौ की संख्या में नक्सली गांव पहुंचे। इनमें से दर्जन भर नक्सली हथियार से लैस थे। नक्सलियों ने सभी आठ लोगों को पक़डकर एक किलोमीटर दूर जंगल ले गए। इनके हाथ बांधकर लाठी से बेदम पिटाई की गई। उसके बाद इन्हें पुलिस से दूरी बनाकर रहने की चेतावनी दी गई। घटना से जोगा की बांह में फ्रेक्चर हो गया है। वहीं अन्य लोगों को भी काफी चोटें आई है।
शनिवार को पीडि़तों ने दरभा थाने पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवाई। इन्हें सुरक्षा कर्मियों के साथ मुलाहिजा के लिए महारानी अस्पताल लाया गया। वहीं सुरक्षित ढंग से पखनार चौकी में रखा गया है। ग्रामीणों की रिपोर्ट पर दरभा पुलिस ने देवा, जगदीश, माहंगू समेत अन्य मिलिशिया नक्सलियों के विरूद्घ अपराध पंजीबद्घ किया है।
गौरतलब है कि मुंदेनार क्षेत्र में सुरक्षा बलों के आपरेशन के बाद नक्सलियों की गतिविधियां कम हो गई थीं। बीतेे कुछ दिनों से इलाके के मारजूम, चिकपाल,कलेपाल व मुनगा में कटेकल्याण एरिया कमेटी का हलचल ब़ढ रहा है। सूत्रों की मानें तो कई वांटेड नक्सली माहंगू भी उसी क्षेत्र में छिपा हुआ है। एक साल पहले नक्सलियों ने सरपंच पुत्र को अगवा कर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी।