विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़ के बालोद में NH-30 पर भीषण सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत; 5 घायल

Published: Fri, 25 Sep 2026 04:16 PM (IST)

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में NH-30 पर मरकाटोला घाट में भारी बारिश के बीच एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें ...और पढ़ें

बालोद के मरकाटोला घाट पर NH-30 पर भीषण सड़क हादसा

बालोद के मरकाटोला घाट पर NH-30 पर भीषण सड़क हादसा

HighLights

  1. बालोद के मरकाटोला घाट पर NH-30 पर भीषण सड़क हादसा

  2. डीजे वाहन को गेहूं से भरे ट्रक ने टक्कर मारी, 6 की मौत

  3. भारी बारिश और भूस्खलन के कारण यातायात पहले से बाधित था

डिजिटल डेस्क, बालोद। छतीसगढ़ के बालोद जिले से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट में भारी बारिश के बीच शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे बड़ा सड़क हादसा सामने आया। सड़क किनारे खड़े डीजे/धुमाल वाहन को पीछे से गेहूं से भरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक डीजे वाहन को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में डीजे वाहन में सवार 6 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 5  लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। एक व्यक्ति के ट्रक के नीचे दबे होने की भी सूचना है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया। सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस, पेट्रोलिंग टीम और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव के साथ यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई।

बीती रात से घाट में लैंडस्लाइड, अब हादसे ने बढ़ाई मुश्किल

मरकाटोला घाट में बीती रात से ही भारी बारिश के बीच लैंडस्लाइड होने की जानकारी सामने आ रही है। पहाड़ी से बड़े पत्थर और मलबा सड़क पर गिरने से पहले से ही वाहनों की आवाजाही प्रभावित थी।

बताया जा रहा है कि सड़क के बीचोंबीच एक बड़ा पत्थर गिरने के कारण यातायात को परेशानी हो रही थी। इसी बीच डीजे वाहन और गेहूं लदे ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर ने स्थिति और गंभीर कर दी।

बारिश के बीच एनएच-30 पर बढ़ा खतरा

भारी बारिश के कारण मरकाटोला घाट में सड़क की स्थिति और यातायात दोनों प्रभावित हैं। लैंडस्लाइड के चलते पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है।

हादसे के बाद एनएच-30 पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। पुलिस और यातायात टीम द्वारा मौके पर यातायात को नियंत्रित करते हुए मार्ग को सुचारू कराने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल हादसे में मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या तथा पहचान की पुष्टि की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बारिश, लैंडस्लाइड और हादसे के कारण मरकाटोला घाट में फिलहाल लोगों की परेशानी बढ़ गई है।