यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CG News: आज से तीन दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर अमित शाह, नक्सल विरोधी अभियान को देंगे गति
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार को छत्तीसगढ़ आएंगे। इस दौरान वह नक्सल विरोधी अभियान को ...और पढ़ें

जेएनएन, रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार को छत्तीसगढ़ आएंगे। इस दौरान वह नक्सल विरोधी अभियान को गति देंगे।
जानकारी के मुताबिक, अमित शाह नक्सल प्रभावित क्षेत्र का दौरा करेंगे। वह सुरक्षा व शांति से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। अमित शाह 15 दिसंबर को रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में पुलिस को 'प्रेसिडेंट कलर' प्रदान कर मनोबल बढ़ाएंगे। इसके बाद जगदलपुर में सर्किट हाउस में नक्सल पीड़ितों से मुलाकात करेंगे और मुख्यधारा में शामिल हुए लोगों से मिलेंगे।
साथ ही, बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में खिलाडि़यों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी करेंगे। 16 दिसंबर को वह जगदलपुर में नक्सल अभियानों में बलिदान हुए जवानों को श्रद्धांजलि देकर उनके स्वजन व हिंसा में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के साथ मुलाकात करेंगे। जगदलपुर में सुरक्षा कैंप का दौरा और गांव में विकास कार्यों का निरीक्षण कर जवानों के साथ भोजन करेंगे।
कांग्रेस ने पोस्टर प्रदर्शन कर सरकार के एक वर्ष को बताया असफल
छत्तीसगढ़ प्रदेश की भाजपा सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल को कांग्रेस ने असफल बताया है। कांग्रेसी नेताओं ने शुक्रवार को जय स्तंभ चौक में पोस्टर प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, जिसमें कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि कानून व्यवस्था सहित विभिन्न जनहित मुद्दे पर सरकार फेल साबित हुई है। प्रदेशभर में चोरी, डकैती, लूट, बलात्कार जैसी अपराधिक गतिविधियां बढ़ी है।
शहर कांग्रेस के महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने कहा कि भाजपा सरकार में जनमानस भयभीत व डरे सहमे हुए है सुरक्षा की भावना का अभाव प्रदेश में कानून व्यवस्था की खुलेआम धज्जियां उड़ रही है, प्रदेश अराजकता की स्थिति बन रही है। जिसके कारण जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। सायं सरकार एक साल पूरे होने का जश्न मना रही है। इसे लेकर कांग्रेस 17 दिसंबर तक चरणबद्ध आंदोलन कर प्रदेश सरकार की नाकामियों को जनता के सामने लाएगी।
विष्णुदेव सरकार की नाकामी के एक साल पूरा हो गया
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू ने कहा कि विष्णुदेव सरकार की नाकामी के एक साल पूरा हो गया है। प्रदेश में लगातार हो रही घटनाएं जनता से छिपी नहीं है। सायं सरकार ने अपने एक साल के कार्ड प्रस्तुत किया है, जिसमें केवल अपराधिक मामले व भ्रष्टाचार बस दिख रहा है। काननू व्यवस्था बिगड़ चुकी है।
प्रदेश के अन्नदाता अपने धान को बेचने परेशान है। सरकार कौन चला रहा है, यह समझ से परे हैं। भाजपा के कार्यकर्ता ही अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद केवल अपराध लगातार बढ़ा हैं। ना 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिल रहा है और ना ही मोदी की गारंटी को पूरा किया गया है। किसान से लेकर मजदूर हर वर्ग परेशान है। डबल इंजन की बात करने वाली भाजपा की सरकार महंगाई तक कंट्रोल नहीं कर पायी है।
