छत्तीसगढ़ में ब्लैकमेल से परेशान छात्रा ने लगाई फांसी, NSUI नेता पर FIR दर्ज
अंबिकापुर में 19 वर्षीय छात्रा अंतरा शाह ने ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद एनएसयूआई नेता ज्ञान तिवारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

ब्लैकमेल से परेशान छात्रा ने लगाई फांसी।
HighLights
छात्रा अंतरा शाह ने ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या की।
एनएसयूआई नेता ज्ञान तिवारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हुई।
आरोपित छात्र नेता मृतका को मोबाइल चैट से धमका रहा था।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बीए प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा अंतरा शाह द्वारा की गई आत्महत्या के मामले में एनएसयूआई नेता ज्ञान तिवारी के विरुद्ध प्राथमिकी की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित छात्र नेता मृतका को मोबाइल में कुछ चैट या वीडियो होने की बात कहकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। इससे परेशान होकर छात्रा ने आत्महत्या कर ली। फिलहाल आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बता दें कि अंबिकापुर में अपने दीदी-जीजा के घर में रहकर पढ़ाई कर रही अंतरा शाह ने शनिवार की सुबह घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले को लेकर स्वजन व अभाविप के छात्र नेताओं ने शनिवार की शाम गांधीनगर थाने का घेराव भी किया था।
पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव तथा भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषी को दंडित करने की मांग की है।
