छत्तीसगढ़: अंबिकापुर में 10वीं के छात्र का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई, पॉलिटेक्निक ग्राउंड में डंडे से पीटा
अंबिकापुर में 10वीं के छात्र का अपहरण कर पॉलिटेक्निक ग्राउंड में बेरहमी से पिटाई की गई, जब उसने तेज रफ्तार बाइक सवारों को टोका।

अंबिकापुर में 10वीं के छात्र का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई।
HighLights
छात्र को टोकने पर बाइक सवारों ने पीटा।
पॉलिटेक्निक ग्राउंड में ले जाकर बेरहमी से मारपीट।
घटना का वीडियो वायरल, पुलिस जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सख्त पुलिसिंग की कमी का फायदा असामाजिक तत्व खुलकर उठा रहे हैं। ताजा मामला नमनाकला स्थित कार्मेल स्कूल के पास का है, जहां 10वीं के छात्र का अपहरण कर पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में ले जाकर बेदम पिटाई कर दी गई।
मारपीट में स्कूली छात्र घायल हो गया। बचाने आए उसके दोस्त के साथ भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
शहर के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाला 10वीं का छात्र 22 अक्टूबर की शाम अपने साथी के साथ घर के पास खड़ा था। इसी दौरान बाइक पर सवार कुछ युवक मोहल्ले में पटाखे फोड़ते और तेज आवाज वाले मोडिफाइड साइलेंसर के साथ तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ये युवक आए दिन मोहल्ले में उत्पात मचाते हैं, तेज रफ्तार से वाहन चलाना और राहगीरों से गाली-गलौज करना उनकी आदत बन गई है।
छात्र ने उन्हें टोकते हुए कहा- "भैया थोड़ा आराम से चलिए, कभी भी दुर्घटना हो सकती है।" इतना सुनते ही युवक नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने छात्र को जबरन पकड़ा, बाइक के बीच में बैठाया और सीधे पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड ले गए।
ग्राउंड में छात्र के साथ हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट शुरू कर दी। वारदात के समय छात्र का दोस्त भी वहां मौजूद था। जब वह बीच-बचाव कर अपने साथी को ले जाने लगा, तो उसकी भी पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
पिटाई से छात्र को गंभीर चोटें आई हैं। स्वजन ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अपहरण सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस ने नामजद शिकायत पर केस दर्ज किया
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले युवक नाबालिग हो सकते हैं और वारदात के दौरान उन्होंने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था ताकि पहचान छिपी रहे। पुलिस ने नामजद शिकायत पर केस दर्ज किया है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पकड़े जाने और दस्तावेजों की जांच के बाद ही उनकी सही उम्र का पता चल सकेगा।
नमनाकला क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इलाके में असामाजिक गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। कई बार पुलिस को सूचना देने के बावजूद प्रभावी गश्त नहीं होती, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। शहर में आए दिन किसी न किसी मोहल्ले में समूह बनाकर मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं।
