घर से लौटकर मजदूर ने लगा ली फांसी
लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम बुधवारा से लौटकर मजदूर युवक ने सूने मकान में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिलासपुर। लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम बुधवारा से लौटकर मजदूर युवक ने सूने मकान में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार लोरमी क्षेत्र के ग्राम बुधवारा निवासी पीतांबर नवरंग पिता रामचरण नवरंग (21) मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी के भवन मरम्मत ठेकेदार बसंत बारिक के पास रोजी-मजदूरी करता था। वह किसी काम से अपने गांव गया था। बीते रविवार शाम वह गांव से वापस मंगला पहुंचा था। वह दीनदयाल आवासीय कॉलोनी में अन्य मजदूरों के साथ क्वार्टर नंबर एमआईजी-125 में रहता था। सोमवार सुबह पेट में दर्द होने की बात कहकर उसने काम पर जाने से मना कर दिया। वहीं उसके अन्य साथी काम पर चले गए। दोपहर करीब 2 बजे उसके साथी मजदूर काम करने के बाद क्वार्टर में आए तो दरवाजा अंदर से बंद था। वहीं पीतांबर की लाश फांसी पर लटक रही थी। उसके साथियों ने घटना की जानकारी ठेकेदार बसंत के साथ ही सिविल लाइन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।