यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 30, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bilaspur: मोबाइल खरीदने पहुंची युवती, बाहर स्कूटी लेकर खड़ी थी सहेली; फिर सेकंडों में कर दिया खेल
Bilaspur छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो युवतियां एक दुकान से दो मोबाइल फोन लेकर भाग गईं। उन्होंने बड़ी चालाकी से ...और पढ़ें

HighLights
- युवतियों ने पूरी प्लानिंग के साथ पार किया फोन।
- सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस।
जेएनएन, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो युवतियों ने शातिर तरीके से दुकान से दो मोबाइल फोन पार कर दिए। युवतियों ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान संचालिका को उलझा कर रखा और मौका देखते ही फोन लेकर फरार हो गईं। पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है।
दोनों ने इस तरीके से चोरी की प्लानिंग की थी कि दूसरी युवती पहले से ही बाहर स्कूटी के साथ तैयार खड़ी थी। जैसे ही पहली युवती दुकान से फोन लेकर बाहर आई, दोनों तुरंत मौके से फरार हो गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
फोन खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंची युवती
जानकारी के अनुसार 28 नवंबर को तिफरा ओवरब्रिज के पास स्थित अजीज मोबाइल दुकान में एक युवती दुकान में मोबाइल फोन खरीदने के बहाने से पहुंची। उसने दुकान संचालिका शाहिदा परवीन से कुछ मोबाइल दिखाने को कहा। इसके बाद उसने मोबाइल के दो अलग-अलग मॉडल पसंद किए।
फाइनेंस के सवाल पूछ ध्यान भटकाया
इसके बाद वह संचालिका से मोबाइल को फाइनेंस कराने की बात करने लगी और उससे फाइनेंस से जुड़े सवाल पूछने लगी। इस बीच उसने दुकानदार का ध्यान भटकाया और मौका पाकर वहां से भाग गई। बाहर दूसरी युवती स्कूटी लेकर उसका इंतजार कर रही थी, जो कि पहले से ही वहां खड़ी थी।
दूसरी युवती ने चालू रखी थी स्कूटी
दूसरी युवती ने स्कूटी का इंजन भी चालू रखा था। पहली युवती के आते ही दोनों वहां से भाग निकलीं। यह सब कुछ इतना जल्दी से हुआ कि दुकान संचालिका तुरंत कुछ समझ ही नहीं पाईं। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। इसके आधार पर युवतियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदेहियों की पहचान की जा रही है। कुछ युवतियों के नाम सामने आए हैं। उनके गतिविधियों की तस्दीक की जा रही है। जल्द ही आरोपित युवतियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रजनीश सिंह, थाना प्रभारी, सिरगिट्टी
ये भी पढ़ें- CG News: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग का रिजल्ट जारी, किसान के बेटे ने किया टॉप
