विक्षिप्त युवती से सामूहिक दुष्कर्म
बिलासपुर। बिल्हा क्षेत्र के 24 वर्षीय विक्षिप्त युवती को बाइक में बैठाकर दो युवक खेत की ओर ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है। पास में ही रहने वाली महिला अपनी 24 वर्षीय विक्षिप्त बेटी को साथ लेकर रासलीला देखने गई थी। इस दौरान युवती शौच करने निकली थी। इसी बीच कन्हैया सतनामी व विनोद सतनामी नाम के युवक दिमागी रूप से कमजोर युवती को बाइक में बैठाकर खेत की ओर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। बेटी के अचानक गायब हो जाने से घबराई महिला ने उसकी खोजबीन की, तब पता चला कि वह खेत से अपने घर की ओर आ रही है। मानसिक रूप से कमजोर युवती ने आपबीती अपनी मां को बताई। इस पर वह बुधवार को उसे लेकर थाना पहुंची। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 376, 34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
9 साल की मासूम से दुष्कर्म
कोटा क्षेत्र के 9 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। 9 वर्षीय बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी। इस दौरान आरोपी युवक अमित मिश्रा पिता कौशल मिश्रा उसे बहलाकर ले गया। अपने घर ले जाकर आरोपी युवक उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। पीड़ित बच्ची ने आपबीती परिजनों को सुनाई। बुधवार को इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने परिजन उसे लेकर थाना पहुंच गए। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धारा 376 व बालकों के लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
[नई दुनिया]