विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़: भिलाई में पांच महिलाओं पर बच्चा चोरी करने का आरोप, ग्रामीणों ने की मारपीट

Published: Mon, 26 Oct 2026 10:53 PM (IST)

भिलाई के नंदौरी गांव में बच्चा चोरी के संदेह में पांच महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।

नंदौरी गांव में पांच महिलाओं से मारपीट का मामला

नंदौरी गांव में पांच महिलाओं से मारपीट का मामला

HighLights

  1. नंदौरी गांव में पांच महिलाओं से मारपीट का मामला

  2. बच्चा चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने की पिटाई

  3. पुलिस ने पैसे मांगने को विवाद का कारण बताया

डिजिटल डेस्क, भिलाई। भिलाई-तीन थाना क्षेत्र स्थित नंदौरी गांव में पांच महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रचारित हो रहा है। जिसमें भीड़ महिलाओं के साथ मारपीट करते दिखाई दे रही है।

आरोप है कि बच्चा चोरी के संदेह में महिलाओं को पकड़ा गया। वहीं पुलिस का कहना है कि विवाद घरों में घुसकर पैसे मांगने को लेकर हुआ था।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पांचों महिलाएं आटो से नंदौरी गांव पहुंची थीं। महिलाएं पहले भी गांव आई थीं। इस बार बच्चों के चिल्लाने के बाद कुछ ग्रामीणों को उन पर बच्चा चोरी करने का संदेह हुआ, जिसके बाद महिलाओं को पकड़ा गया।

ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि महिलाओं के साथ आए दो अन्य लोग मौके से भाग निकले। हालांकि, पुलिस ने बच्चा चोरी की आशंका को घटना का कारण मानने से इनकार किया है।

घटना की जानकारी पर पुलिस महिलाओं को थाने लाई। शिकायत करने वाले पक्ष को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पकड़ी गई महिलाएं अपने रहने की जगह के बारे में अलग-अलग जानकारी दे रही थीं। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि सभी महिलाएं दुर्ग के जेवरा-सिरसा क्षेत्र की रहने वाली हैं।

सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा ने बताया, 'गांव के सरपंच ने शिकायत की थी कि कुछ महिलाएं घरों में घुसकर लोगों से पैसे मांग रही हैं। इसी बात को लेकर ग्रामीणों और महिलाओं के बीच विवाद हुआ था।

इसके बाद महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामला बच्चा चोरी का नहीं, बल्कि घरों में घुसकर पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद का है।'