पहले शाम को पेश होता था आम बजट, जानिए क्यों और कब बदला इसका समय
हालांकि केंद्रीय बजट के शाम के पेश होने के पीछे भी एक खास वजह थी। हम अपनी खबर में आपको यही बता रहे हैं कि आखिर पहले बजट शाम को क्यों पेश होता था?
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। 5 जुलाई को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश का पूर्ण बजट पेश करेंगी। भारत का बजट काफी सालों से दिन के 11 बजे पेश किया जा रहा है, लेकिन क्या आप जानते हैं कुछ साल पहले बजट शाम को पांच बजे पेश किया जाता था। हालांकि केंद्रीय बजट के शाम के पेश होने के पीछे भी एक खास वजह थी। हम अपनी खबर में आपको यही बता रहे हैं कि आखिर पहले बजट शाम को क्यों पेश होता था?
क्या थी खास वजह: दरअसल साल 1927 से अंग्रेज अधिकारियों ने भी भारतीय संसद में बैठना शुरु कर दिया था। एक बार पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर से किसी ने पूछा कि देश का बजट शाम को पांच बजे क्यों आता है जबकि संसद तो 10 बजे से चलने लगती है। इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा था कि यह नियम अंग्रेजों के बनाए हैं। जब भारत में शाम के पांच बजते हैं तो लंदन में सुबह के साढ़े ग्यारह बज रहे होते हैं।
दरअसल, लंदन के हाउस ऑफ कॉमन्स और हाउस ऑफ लॉर्डस में बैठे सांसदों को भारत का भाषण सुनना होता था इसलिए भारत का बजट शाम को पांच बजे पेश होता था। देश का बजट शाम को पेश किए जाने के पीछे एक वजह और बताई जाती थी कि इस वक्त ही ब्रिटेन के बाजार खुला करते थे।
शाम को बजट पेश किए जाने की परिपाटी एनडीए सरकार ने बदली। देश में संविधान लागू होने के 50 साल बाद एनडीए (NDA) सरकार ने इस परंपरा को तोड़ा। साल 2001 से देश के वित्त मंत्री केंद्रीय बजट को दिन के 11 बजे पेश करने लगे। इसका श्रेय यशवंत सिन्हा को भी जाता है, वे देश के पहले वित्त मंत्री थे जिन्होंने दिन के 11 बजे केंद्रीय बजट पेश किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप