शेयरों को गिरवी रख लिया 2.15 अरब डॉलर का कर्ज Adani Group ने चुकाया, निवेशकों को दिलाया भरोसा
Adani Group अदाणी ग्रुप ने उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है जिसमें ये दावा किया गया था कि ग्रुप ने शेयरों को गिरवी रखकर लिया लोन नहीं चुकाया है। साथ ही निवेशकों को भरोसा दिलाया कि कंपनी अपने कर्ज का भुगतान करने में सक्षम है। (जागरण फाइल फोटो)
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। अरबपति गौतम अदाणी के नेतृत्व वाले अदाणी ग्रुप ने शेयरों को गिरवी रखकर लिया गया 2.15 अरब डॉलर कर्ज चुका दिया है। अब केवल कंपनी के पास ऑपरेटिंग स्तर का कर्ज बचा हुआ है। साथ ही ग्रुप की ओर से बयान जारी किया गया है कि वे अपने निवेशकों को विश्वास दिलाते हैं कि कंपनी कर्ज का भुगतान करने में सक्षम है।
अदाणी ग्रुप का बयान ऐसे समय पर आया है, जब एक रिपोर्ट में दावा किया जा रहा था कि ग्रुप शेयरों को गिरवी रखकर लिए गए पूरे कर्ज को बैंकों को नहीं चुकाया है।
कर्ज न चुकाने की रिपोर्ट को किया खारिज
2.15 अरब डॉलर का कर्ज पूरी तरह न चुकाने की रिपोर्ट को अदाणी ग्रुप की ओर से पूरी तरह से खारिज कर दिया गया। साथ ही इसे तथ्यहीन और मनगढ़ंत बताया।
आगे कहा कि इसके बाद अदाणी ग्रीन, अदाणी पोर्ट्स, अदाणी ट्रांसमिशन और अदाणी एंटरप्राइसेस में गिरवी हिस्सेदारी काफी कम हुई है। ऑपरेटिंग कंपनी (OpCo) सुविधाओं के लिए कर्ज के बदले गिरवी रखे गए शेयर ही बकाया है।
ग्रुप ने बताया कि 6 फरवरी से गिरवी रखे गए शेयरों को छुड़ाना शुरू किया गया था। तब से पहली किस्त में 1.114 अरब डॉलर, दूसरी किस्त में 134 मिलियन डॉलर और मार्च में तीसरी किस्त में 902 मिलियन डॉलर के गिरवी शेयर छुड़ाए गए हैं।
135 अरब डॉलर कम हुई ग्रुप की वैल्यू
अमेरिकी शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग ने अदाणी ग्रुप के खिलाफ रिपोर्ट निकाली थी। इसके बाद ग्रुप की कंपनियों के वैल्यू 135 अरब डॉलर कम हो गई है। अदाणी ग्रुप की ओर से हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा गया था कि ये ग्रुप को लेकर नुकसान पहुंचाने के लिए बनाई गई है और पूरी से आधारहीन है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)