सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

YES BANK को GST विभाग से बड़ा झटका, ₹63 करोड़ से ज्यादा का टैक्स डिमांड नोटिस जारी; शेयरों में दिखेगी हलचल?

By Jagran BusinessEdited By: Gyanendra Tiwari
Published: Sat, 06 Jun 2026 02:38 PM (IST)

यस बैंक को महाराष्ट्र जीएसटी विभाग से ₹63 करोड़ से अधिक का डिमांड नोटिस मिला है। बैंक ने इस आदेश ...और पढ़ें

यस बैंक को महाराष्ट्र जीएसटी से ₹63 करोड़ का नोटिस।

यस बैंक को महाराष्ट्र जीएसटी से ₹63 करोड़ का नोटिस।

HighLights

  1. यस बैंक को महाराष्ट्र जीएसटी से ₹63 करोड़ का नोटिस।

  2. यह नोटिस जुलाई 2017 से जून 2018 अवधि का है।

  3. बैंक ने इस आदेश के खिलाफ अपील करने की योजना बनाई।

नई दिल्ली। निजी क्षेत्र के दिग्गज ऋणदाता यस बैंक (YES BANK) के लिए टैक्स के मोर्चे पर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। महाराष्ट्र जीएसटी (GST) विभाग ने बैंक को ₹63 करोड़ से अधिक का डिमांड नोटिस थमाया है। बैंक ने इस संबंध में शेयर बाजारों (NSE और BSE) को आधिकारिक सूचना दी है।

इस खबर का असर सोमवार को बाजार खुलते ही यस बैंक के शेयरों पर दिख सकता है। शुक्रवार को यस बैंक के शेयर (Yes Bank Share) 2.37% की तेजी के साथ 23.31 रुपये के स्तर पर बंद हुए।

क्या है पूरा मामला?

यस बैंक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बैंक को 5 जून, 2026 को महाराष्ट्र जीएसटी विभाग के कमिश्नर (अपील) से एक 'ऑर्डर-इन-अपील' (O-I-A) प्राप्त हुआ है। यह मामला जुलाई 2017 से जून 2018 की अवधि के लिए वस्तु एवं सेवा कर (GST) के भुगतान से संबंधित है।

यह आदेश केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम, 2017 (CGST Act) की धारा 107(11) के तहत पारित किया गया है। बैंक ने स्पष्ट किया है कि यह कोई नई डिमांड नहीं है, बल्कि नवंबर 2024 में मिले पुराने नोटिस की ही पुष्टि है।

यह भी पढ़ें- अदाणी की इन 2 कंपनियों में SBI Mutual Fund ने खरीदी हिस्सेदारी, झोंक दिए 5747 करोड़ रुपये; भाग रहे दोनों के शेयर

जीएसटी विभाग ने बैंक पर टैक्स के साथ-साथ उतनी ही राशि का जुर्माना (Penalty) भी लगाया है। कुल मांग ₹63.26 करोड़ से अधिक की है।

Yes Bank करेगा अपील

यस बैंक ने अपने बयान में कहा है कि उनके पास इस मामले में अपनी स्थिति को मजबूती से रखने के लिए पर्याप्त तथ्यात्मक और कानूनी आधार मौजूद हैं। बैंक ने निवेशकों को भरोसा दिलाया है कि इस आदेश से बैंक की वित्तीय या परिचालन गतिविधियों पर फिलहाल कोई बड़ा असर पड़ने की उम्मीद नहीं है।

बैंक ने यह भी साफ कर दिया है कि वह इस आदेश के खिलाफ निर्धारित समय सीमा के भीतर कानूनी उपाय करेगा और अपील दायर करेगा।

निवेशकों के लिए क्या है संकेत?

चूंकि यह डिमांड साल 2024 में मिले पुराने 'ऑर्डर-इन-ओरिजिनल' की ही पुष्टि है और इसमें कोई अतिरिक्त नई राशि नहीं जोड़ी गई है, इसलिए बाजार के जानकारों का मानना है कि बैंक ने इसके लिए पहले से ही तैयारी कर रखी होगी। हालांकि, ₹63 करोड़ की बड़ी राशि और कानूनी प्रक्रिया का चलना निवेशकों की नजर में रहेगा।

स्रोत (Source): यस बैंक द्वारा स्टॉक एक्सचेंज (NSE/BSE) को भेजी गई आधिकारिक सूचना (दिनांक: 06 जून, 2026)।

"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"

(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)