सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3 साल में पैसा किया 24 गुना! अब ये कंपनी दे रही 1 के बदले 5 बोनस शेयर फ्री, खरीदने की मची होड़

Published: Mon, 11 May 2026 06:04 PM (IST)Updated: Tue, 12 May 2026 12:14 PM (IST)

वी-मार्क इंडिया (V-Marc share price) ने 5:1 के अनुपात में बोनस शेयर (Bonus Shares News) जारी करने की घोषणा की ...और पढ़ें

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

नई दिल्ली। शेयर बाजार में स्मॉलकैप कंपनियों का जलवा बरकरार है। मल्टीबैगर रिटर्न देने वाली कंपनियों की लिस्ट में एक और नाम मजबूती से उभरकर सामने आया है। वायर और केबल बनाने वाली कंपनी वी-मार्क इंडिया (V-Marc India Share Price) ने बड़ा एलान किया है। वी-मार्क इंडिया कंपनी ने 5:1 के अनुपात में बोनस शेयर (Bonus Shares) जारी करने का फैसला किया है। इस खबर के आते ही आज कंपनी के शेयरों में 11 फीसदी से ज्यादा की जबरदस्त तेजी देखी गई।

बोनस शेयर का गणित क्या है?

वी-मार्क इंडिया के बोर्ड ने मौजूदा इक्विटी शेयरधारकों को बोनस शेयर जारी करने की मंजूरी दे दी है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि वह 5:1 के अनुपात में बोनस शेयर देगी। इसका मतलब यह है कि रिकॉर्ड डेट पर जिसके पास कंपनी का 1 शेयर होगा, उसे बदले में 5 नए शेयर मुफ्त में मिलेंगे। हालांकि, इस बोनस जारी करने के लिए अभी पोस्टल बैलट के माध्यम से शेयरधारकों की मंजूरी लेना बाकी है।

कितना दमदार है इस मल्टीबैगर स्टॉक का रिटर्न?

इस स्मॉलकैप स्टॉक ने पिछले कुछ सालों में निवेशकों को मालामाल कर दिया है। आज कंपनी का शेयर 11.25% उछलकर ₹1,133.60 के स्तर पर पहुंच गया। अगर इसके रिटर्न के इतिहास पर नजर डालें, तो यह आंकड़े हैरान करने वाले हैं। पिछले 3 साल में शेयर ने 2,391.38% का रिटर्न दिया है, यानी निवेशकों का पैसा लगभग 24 गुना बढ़ गया है। यदि कोई 3 साल पहले 1 करोड़ रुपये लगाया होता तो उनकी रकम 25 करोड़ हो गई होती।  

वी-मार्क इंडिया शेयर ने 5 साल में 2,942.11% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। एक साल में भी शेयर 258.95% चढ़ा है। एक महीने में इसमें 52.31% की तेजी आई है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप ₹2,768 करोड़ है और मौजूदा भाव ₹1,134 के आसपास है।

कंपनी क्या काम करती है और कौन हैं इसके प्रमुख ग्राहक?

2014 में स्थापित वी-मार्क इंडिया लिमिटेड मुख्य रूप से पीवीसी इंसुलेटेड तार और केबल (PVC Insulated Wires & Cables) के निर्माण में लगी हुई है। कंपनी कॉपर और एल्युमिनियम कंडक्टरों के साथ सिंगल और मल्टी-कोर में विभिन्न प्रकार के तारों और केबलों का निर्माण करती है, जिनमें FR, HRFR, FRLS, HFFR जैसे विशेष गुण होते हैं।

कंपनी का क्लाइंट बेस बहुत मजबूत है और इसके ग्राहकों में देश की प्रतिष्ठित सरकारी और निजी कंपनियां शामिल हैं। इनमें पावरग्रिड (PowerGrid), SAIL, BHEL, GAIL, BSNL, इंडियन ऑयल (Indian Oil), NTPC, ONGC, PWD और विभिन्न राज्य बिजली वितरण कंपनियां शामिल हैं।

भविष्य के लिए क्या है कंपनी का मेगा विस्तार प्लान?

कंपनी ने भविष्य की विकास जरूरतों को पूरा करने के लिए एक आक्रामक विस्तार योजना तैयार की है। पावर ट्रांसमिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन (T&D), रिन्यूएबल्स, EPC और निर्यात क्षेत्र में तारों और केबलों की मांग मजबूत बनी हुई है।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2030 तक के लिए लगभग ₹5,000 मिलियन (₹500 करोड़) के पूंजीगत व्यय की बात कही है। इस निवेश के जरिए कंपनी अपनी स्थापित उत्पादन क्षमता को 10 लाख सर्किट किलोमीटर से अधिक तक ले जाएगी। यह पहले के 7 लाख किमी के लक्ष्य से एक महत्वपूर्ण अपग्रेड है।

वित्त वर्ष 2027 (FY27) के लिए कंपनी का लक्ष्य 40% से ज्यादा की रेवेन्यू ग्रोथ हासिल करना है, साथ ही EBITDA मार्जिन को 11-12% के दायरे में बनाए रखने का अनुमान है। यह विस्तार योजना मुख्य रूप से आंतरिक संचय द्वारा स्व-वित्तपोषित होगी।

यह भी पढ़ें: देश की सबसे बड़ी पेंसिल कंपनी, हर रोज बनाती है 85 लाख पेंसिल, 17 लाख शार्पनर और 10 लाख पेन; 68 साल पहले तीन दोस्तों ने की थी शुरुआत

Source: BSE 

"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"

(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)