Tata Steel नहीं, सबसे ज्यादा लोहा निकालने वाली इस कंपनी के शेयर ने भरी उड़ान; ₹82 का है शेयर
NMDC ने लौह अयस्क की कीमतों में (NMDC Share Price) वृद्धि की घोषणा की, जिससे उसके शेयर 4.64% बढ़े। एक्सपर्ट ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नई दिल्ली। देश की प्रमुख लौह अयस्क (Iron Ore) उत्पादक और सरकारी कंपनी NMDC ने (NMDC Share Price) आयरन ओर की कीमतों में बड़ा इजाफा किया है। इस फैसले के एलान के बाद कंपनी के शेयरों में 4.64% की शानदार तेजी दर्ज की गई और शेयर 81.60 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि, इस फैसले ने आम आदमी और शेयर बाजार के निवेशकों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या इस बढ़ोतरी से स्टील महंगा होगा? क्या घर बनाने और गाड़ी खरीदने का खर्च बढ़ेगा और क्या निवेशकों को इस तेजी को देखकर NMDC के शेयर खरीद लेने चाहिए? इन सवालों के जवाब के लिए जागरण बिजनेस ने SEBI रजिस्टर्ड मार्केट और कमोडिटी एक्सपर्ट, अनुज गुप्ता के हवाले से इन तमाम उलझनों को सुलझाते हैं।
सवाल: NMDC के इस फैसले से क्या घर और गाड़ी महंगे हो सकते हैं?
जब कच्चे माल (आयरन ओर) के दाम बढ़ते हैं, तो इसका सीधा असर अंतिम उत्पाद पर पड़ता है। एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, NMDC द्वारा लौह अयस्क की कीमतें बढ़ाने का सीधा असर स्टील की कीमतों और ऑटोमोबाइल सेक्टर की लागत पर पड़ेगा। "कच्चे माल की कीमत बढ़ने से अंतिम उत्पादों यानी घर बनाने में इस्तेमाल होने वाले सरिये (TMT Bars) और गाड़ियों की कीमत में भी स्वाभाविक रूप से इजाफा देखने को मिलेगा।"
NMDC की नई दरें (5 अप्रैल 2026 से लागू)
Baila Lump (65.5%, 10–40 mm): ₹5,300 प्रति टन
Baila Fines (64%, -10 mm): ₹4,500 प्रति टन
(नोट: ये FOR (Free on Rail) कीमतें हैं, जिनमें रॉयल्टी, DMF और GST जैसे टैक्स व ड्यूटी शामिल नहीं हैं।)
सवाल: क्या अभी NMDC शेयर खरीदना सही है?
NMDC ने हाल ही में 53 मिलियन टन प्रोडक्शन का नया रिकॉर्ड भी बनाया है। ऐसे में कई रिटेल निवेशकों को लग सकता है कि मेटल या स्टील शेयरों में नई खरीदारी का यह सही समय है। लेकिन, कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता निवेशकों को जल्दबाजी न करने की सलाह देते हैं। उनका कहना है कि सिर्फ दाम बढ़ने पर न जाएं... लौह अयस्क की कीमतों में बढ़ोतरी का यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि आप तुरंत जाकर NMDC या अन्य मेटल स्टॉक्स खरीद लें। किसी भी शेयर की कीमत सिर्फ प्रोडक्ट के दाम बढ़ने से तय नहीं होती।
सवाल: किन फैक्टर्स पर निवेशकों को नजर रखनी चाहिए?
बाजार में कुल मांग (Demand) और आपूर्ति (Supply) की स्थिति क्या है, यह देखना सबसे ज्यादा जरूरी है। कीमतों में इस बढ़ोतरी से कंपनी के रेवेन्यू (Revenue) में असल में कितना बदलाव आता है, इसका विश्लेषण करना अहम होगा। फिलहाल निवेशकों को डाटा और कंपनी के आगामी नतीजों पर नजर रखनी चाहिए।
NMDC शेयर प्राइस कितना है?
NMDC शेयर का ताजा भाव 81.4 रुपये है। इसका मार्केट कैप ₹71,609 करोड़ है। वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा (Net Profit) 6.66% गिरकर 1,756.59 करोड़ रुपये रहा है। हालांकि, ऑपरेशंस से होने वाले रेवेन्यू में 15.9% की बढ़ोतरी हुई है और यह 7,610.79 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
NMDC कितनी पुरानी कंपनी?
NMDC की बात करें तो इसकी स्थापना 1958 में हुई थी। NMDC इस्पात मंत्रालय (Ministry of Steel) के अधीन एक पूर्ण स्वामित्व वाली सरकारी इकाई है। कंपनी मुख्य रूप से 64% Fe कंटेंट वाले उच्च श्रेणी के लौह अयस्क का उत्पादन करती है। इसके अलावा कंपनी तांबा, रॉक फॉस्फेट, चूना पत्थर, मैग्नेसाइट, हीरा और टंगस्टन जैसे खनिजों के अन्वेषण, स्पंज आयरन की बिक्री और पवन ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में भी सक्रिय है।
