लगातार दूसरे दिन शेयर बाजार में बंपर उछाल, 827 अंक उछलकर बंद हुआ Sensex; एक्सपर्ट ने बताई वजह और सपोर्ट लेवल
भारतीय शेयर बाजार लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी के साथ बंद हुआ, सेंसेक्स और निफ्टी में 1% से अधिक की बढ़त दर्ज की गई।

रियल्टी और पीएसयू बैंक जैसे सेक्टरों में उछाल दिखा।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नई दिल्ली। बुधवार की बड़ी गिरावट के बाद लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुआ। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 1 फीसदी से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली। सेंसेक्स 827.57 अंकों यानी 1.08 फीसदी की तेजी के साथ 77,569.39 पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी 50 244.10 अंकों यानी 1.02 फीसदी की उछाल के साथ 24,206.90 पर बंद हुआ।
कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स अपने पिछले बंद 76,741.82 से 653.81 अंकों यानी 0.85 फीसदी की शानदार बढ़त के साथ 77,395.63 पर खुला और दिन में यह 900.40 अंकों यानी 1.17 फीसदी की उछाल के साथ 77,642.23 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
वहीं, निफ्टी 50 अपने पिछले बंद 23,962.80 से 161.9 अंकों यानी 0.67 फीसदी की उछाल के साथ 24,124.70 पर खुला और दिन के कारोबार में यह 265.65 अंकों यानी 1.10 फीसदी की बढ़त के साथ 24,228.45 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान निफ्टी के अधिकतर सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में ट्रेड करते हुए नजर आए। व्यापक बाजारों में, निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 1.40 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.55 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
निफ्टी पीएसयू बैंक में सबसे ज्यादा आया उछाल
सेक्टरवार देखें तो निफ्टी रियल्टी और निफ्टी पीएसयू बैंक में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली, जिनमें क्रमशः 3.49 फीसदी और 3.03 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इसके बाद निफ्टी आईटी, निफ्टी मेटल, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त निफ्टी ऑटो, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी मीडिया और निफ्टी फार्मा भी बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहे। इन सबके विपरीत, निफ्टी FMCG इंडेक्स में 0.08 फीसदी की मामूली गिरावट दर्ज की गई।
आज के टॉप बढ़त और गिरावट वाले शेयर
निफ्टी 50 में एचडीएफसी लाइफ, अदाणी एंटरप्राइजेज, SBI लाइफ इंश्योरेंस, एक्सिस बैंक, BEL और टेक महिंद्रा के शेयर टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल रहे, जबकि डॉ रेड्डीज लैब्स, इटरनल, भारती एयरटेल, नेस्ले इंडिया, सन फार्मा, ITC और ट्रेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
थोड़े समय के लिए आए करेक्शन के बाद, मार्केट में ज़बरदस्त रिकवरी के संकेत दिख रहे हैं। बैंकों से पॉज़िटिव बिज़नेस अपडेट, IT सेक्टर के लिए उम्मीद के मुताबिक अनुमानों और AI से जुड़े मौकों के साथ-साथ ग्लोबल खर्च में संभावित तेज़ी ने Q1 अर्निंग्स सीज़न की अच्छी शुरुआत के लिए माहौल बना दिया है। उम्मीद से बेहतर Q1 नतीजों का सिलसिला भविष्य में कमाई में बढ़ोतरी को लेकर चिंताओं को कम करने में मदद करेगा। इससे मौजूदा तेज़ी को और बढ़ावा मिल सकता है, जिसे रियल एस्टेट और मेटल्स जैसे सेक्टर की मज़बूत भागीदारी का समर्थन मिल रहा है।- विनोद नायर, हेड ऑफ रिसर्च, जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड
विनोद नायर ने आगे बताया कि ग्लोबल स्तर पर, तेल की कीमतों में कमी और टेक्नोलॉजी सेक्टर में रिकवरी से भारत के प्रति सेंटीमेंट बेहतर हुआ है, जिससे FII इनफ़्लो में भी तेज़ी आई है। अहम बात यह है कि FOMC मीटिंग के सख़्त रुख का ग्लोबल मार्केट पर कोई बुरा असर नहीं पड़ा है, क्योंकि हालिया डेटा से पता चलता है कि महंगाई का दबाव कम होने की संभावना है। साथ ही, US, EU और चीन से आ रहे सुस्त आर्थिक डेटा से संकेत मिलता है कि सेंट्रल बैंक आगे चलकर कम सख़्त रुख अपना सकते हैं।
शेयर बाजार में तेजी के बाद एक्सपर्ट ने बताए अहम सपोर्ट
निफ्टी का शॉर्ट-टर्म ट्रेंड पॉजिटिव बना हुआ है। गुरुवार को बने 'इनसाइड डे' या 'इनवर्टेड हैमर' जैसे कैंडल पैटर्न के कारण शुक्रवार को बाजार में उछाल देखने को मिला। निफ्टी अब अगले हफ्ते तक 23500-23600 के अहम रेजिस्टेंस लेवल की ओर बढ़ रहा है। तुरंत सपोर्ट 24000 के लेवल पर है।- HDFC सिक्योरिटीज के सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट नागराज शेट्टी
यह भी पढ़ें- Sobha Share Price Target: Q1 में अब तक की सबसे बड़ी सेल, अब एक्सपर्ट्स ने सोभा पर दिया ₹1930 का टारगेट
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें business@jagrannewmedia.com पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
