Share Market LIVE: ट्रंप की हार से बाजार में बहार, निफ्टी और सेंसेक्स में भारी बढ़त के साथ कारोबार, श्रीराम फाइनेंस और अशोक लीलैंड टॉप गेनर
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में ट्रंप की हार और कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के चलते शेयर बाजार बड़ी तेजी के साथ खुले और मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं।

Share Market LIVE: अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में ट्रंप की हार और कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के चलते शेयर बाजार बड़ी तेजी के साथ खुले हैं। निफ्टी 417 अंकों की तेजी के साथ 24378 पर ओपन हुआ है, फिलहाल 24363 पर कारोबार कर रहा है और जबकि सेंसेक्स 1400 प्वाइंट की तेजी के साथ 78727 पर ट्रेड कर रहा है। बैंक निफ्टी में 1100 अंकों की तेजी है और यह 57019 पर ट्रेड कर रहा है। आज के कारोबारी सत्र में फाइनेंशियल शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिल रही है।
BSE Limited के शेयर 4 फीसदी से ज्यादा उछले
BSE Share: बीएसई लिमिटेड के शेयर 4.50 फीसदी उछलकर 3,763 रुपये पर पहुंच गए। शेयरों में यह तेजी एक्सचेंज के दूसरे तिमाही के नतीजों के बाद आई है। वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) में एक्सचेंज के नेट प्रॉफिट में 45 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने यह भी संकेत दिया कि कुछ समय की सुस्ती के बाद डेरिवेटिव्स ट्रेडिंग गतिविधियों में मजबूत रिकवरी आई है।
फार्मा शेयरों में मुनाफावसूली, ल्यूपिन और लॉरस लैब में गिरावट
बाजार की इस तेजी के बीच फार्मा शेयरों में मुनाफावसूली देखने को मिल रही है और कुछ स्टॉक्स में गिरावट आ गई है। इनमें लॉरस लैब, ल्यूपिन, डिवीज लैब, जाइडस लाइफ और सिप्ला आदि शामिल हैं।
मिडकैप सेक्टर में फिजिक्सवाला के शेयर टॉप गेनर, 7% की तेजी
मिडकैप सेक्टर में भी अच्छी तेजी देखने को मिल रही है। फिजिक्सवाला के शेयर 7 फीसदी से ज्यादा चढ़ गए हैं। इसके अलावा, मोतीलाल ओसवाल, हिंद पेट्रो, एल एंड टी फाइनेंस और बालकृष्ण इंडस्ट्रीज के शेयर 5 फीसदी तक की तेजी दिखा रहे हैं।
कच्चा तेल गिरकर $94 प्रति बैरल पर पहुंचा
कच्चे तेल में कल 8 फीसदी की गिरावट देखने को मिली थी और आज भी यह कमजोरी के साथ 94 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।
अशोक लीलैंड के शेयरों में 9 फीसदी की तेजी, कमिंस 10% गिरा
फ्यूचर एंड ऑप्शन सेगमेंट में अशोक लीलैंड के शेयर टॉप गेनर हैं, जो 9 फीसदी तक चढ़ गए हैं। इसके बाद श्रीराम फाइनेंस, एसबीआई कार्ड्स, इंडिगो, एनएचपीसी हैं। वहीं, टॉप लूजर में पीआई इंडस्ट्रीज, कमिंस, एथर एनर्जी और ऑयल इंडिया हैं।
फाइनेंशियल और बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
बाजार में आज सबसे ज्यादा तेजी फाइनेंशियल, ऑटो, रियल्टी, आईटी, पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक शेयोरं में देखने को मिल रही है।
निफ्टी के टॉप गेनर में श्रीराम फाइनेंस में सबसे ऊपर
निफ्टी के टॉप गेनर श्रीराम फाइनेंस, इंडिगो, बजाज फाइनेंस, मारुति, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, जबकि टॉप लूजर में ओएनजीसी, अपोलो हॉस्पिटल, सिप्ला, डॉ रेड्डीज और कोल इंडिया है।

कच्चे तेल में भारी गिरावट के चलते शेयर बाजार बड़ी तेजी के साथ खुले हैं।
