लगातार 7वें दिन शेयर बाजार में गिरावट, क्या अब आएगी तेजी; आईटी शेयरों में क्यों आई खरीदारी?
वैश्विक बाजारों में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले, हालांकि आईटी शेयरों में खरीदारी देखने को मिल रही है।

19 अगस्त को शेयर बाजार में गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है।
HighLights
कमजोर ग्लोबल संकेत और कच्चे तेल की कीमतों से बाजार में गिरावट।
निफ्टी 24116, बैंक निफ्टी 57140 पर कारोबार कर रहा है।
आईटी शेयरों में खरीदारी, निफ्टी आईटी इंडेक्स 1% तक चढ़ा।
नई दिल्ली। ग्लोबल बाजारों में कमजोरी और कच्चे तेल (Crude Prices) में तेजी के बीच भारतीय शेयर बाजार (Share Market Fall) फिर कमजोरी के साथ खुले हैं और निफ्टी 40 अंकों की गिरावट के साथ 24116 पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, बैंक निफ्टी 120 अंक टूटकर 57140 पर कारोबार कर रहा है। यह लगातार 7वां दिन है जब शेयर बाजार में गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है। खास बात है कि आज के कारोबारी सत्र में आईटी शेयरों (Buying in IT Shares) में फिर से अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है और निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 1 फीसदी तक चढ़ गया है।
इसके अलावा, एफएमसीजी, मीडिया और ऑयल एंड गैस शेयरों में भी हल्की तेजी देखने को मिल रही है। कच्चे तेल की कीमतें लगातार दूसरे दिन 91 डॉलर प्रति बैरल पर बनी हुई हैं। एशियाई बाजारों में दबाव के साथ कामकाज हो रहा है, खासकर नेक्कई 2.50 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दिखा रहा है। इसके अलावा, कल रात अमेरिकी मार्केट भी गिरावट के साथ बंद हुए थे, और सुबह डाऊ फ्यूचर्स भी लाल निशान में कारोबार कर रहा है।
Nifty50 के टॉप गेनर और लूजर
निफ्टी50 का एडवांस-डिक्लाइन रेशियो 19:31 है यानी 19 शेयरों में खरीदारी और 31 में बिकवाली हावी है। इंडेक्स के टॉप गेनर में एचसीएल टेक, नेस्ले इंडिया, सनफार्मा और इटरनल हैं, जबकि टॉप लूजर में हिंडाल्को, टाटा स्टील, एम एंड एम, कोल इंडिया और बजाज फिनसर्व शामिल हैं।
क्या बाजार में अब आएगी तेजी?
आनंद राठी इन्वेस्टमेंट सर्विसेज में सीनियर मैनेजर, जिगर एस पटेल ने कहा कि निफ्टी (Nifty) अभी 200-EMA के नीचे ट्रेड कर रहा है, जो दिखाता है कि ओवरऑल ट्रेंड कमज़ोर बना हुआ है। 43 पर RSI सुस्त मोमेंटम दिखाता है और यह न्यूट्रल 50 के लेवल से नीचे है, जिससे पता चलता है कि खरीदारों ने अभी तक कंट्रोल वापस नहीं पाया है।
हालांकि, निफ्टी का इमीजिएट सपोर्ट 24,000 पर है, जबकि 24,200 एक अहम रेजिस्टेंस ज़ोन बना हुआ है। अगर यह 24,200 के ऊपर लगातार बना रहता है, तो सेंटीमेंट बेहतर हो सकता है और रिकवरी शुरू हो सकती है; वहीं, अगर यह 24,000 के नीचे जाता है, तो बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है और और गिरावट आ सकती है।
खबरों वाले शेयर
खबरों के लिहाज से आज के कारोबारी सत्र में एस्टर डीम क्वालिटी केयर, रेलटेल कॉरपोरेशन, अटलांटा इलेक्ट्रिकल, HG इन्फ्रा इंजीनियरिंग, Jubilant Ingrevia, और Behari Lal Engineering जैसे शेयरों में एक्शन देखने को मिल रहा है।
ये भी पढ़ें - 10 लाख जुर्माना या 'लीगल कॉस्ट', SC ने मुकेश अंबानी की कंपनी पर क्या एक्शन लिया? रिलायंस इंडस्ट्रीज ने दी सफाई
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
