आयकर बचाने के लिए कर रहे हैं एफडी में निवेश, जान लें कौन सा बैंक दे रहा है सबसे ज्यादा ब्याज
जानिए कौन सा बैंक एफडी पर कितना इंटरेस्ट दे रहा है
नई दिल्ली: इनकम टैक्स बचाने के लिए अगर आप विकल्प की तलाश में हैं और आप फिक्सड डिपॉजिट का रास्ता अख्तियार करना चाहते हैं तो आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि मौजूदा समय में तमाम बैंकों की ओर से फिक्स्ड डिपॉजिट पर अलग अलग ब्याज दरें ऑफर की जा रही हैं। आमतौर पर लोग एफडी के विकल्प का चयन इसलिए करते हैं क्योंकि इसमें बैंक के सेविंग अकाउंट में जमा राशि के मुकाबले ज्यादा ब्याज मिलता है। वहीं इसमें निवेश कर आप टैक्स भी बचा सकते हैं। अगर आप टैक्स सेविंग एफडी में निवेश कर रहे हैं तो आप अपने 1.50 लाख रुपए तक के निवेश को अपनी आय में से कम करा सकते हैं, मौजूदा टैक्स नियमों में ऐसा प्रावधान है। यह निवेश की गई राशि आपकी ग्रॉस इनकम से काट दी जाती है और बाकी बची राशि पर टैक्स बनता है। आयकर अधिनियम की धारा 80सी के तहत इस कटौती की अनुमति है।
अवधि के हिसाब से मिलता है ब्याज
हम अपनी इस खबर में पाठकों को यह बता रहे हैं कि देश के कौन से बैंक छोटी अवधि के लिए एफडी कराए जाने पर ज्यादा ब्याज दे रहे हैं। ध्यान रहे कि एफडी पर मिलने वाला ब्याज एफडी की अवधि पर निर्भर करता है। बैंक एफडी की मियाद को कुल पांच तरह से बांटा जा सकता है। पहला, 1 साल के कम अवधि की एफडी, 2 साल से कम अवधि की एफडी, दो से 5 साल की अवधि के लिए एफडी, 5 से 10 वर्षों के लिए एफडी और 10 साल से ज्यादा की अवधि के लिए एफडी।
देश के ये बैंक दे रहे हैं एफडी पर सबसे ज्यादा ब्याज
बैंक का नाम | राशि | ब्याज की दर | एफडी की अवधि |
ICICI बैंक | 1 करोड़ | 4-7.5 फीसद(तिमाही कंपाउंडिंग) | 7-10 साल |
IDBI बैंक | 1 करोड़ | 4.25-7.40 फीसद (मंथली कंपाउंडिंग) | 15 दिन से 20 साल |
विजया बैंक | 1 करोड़ | 4 से 7 फीसद (मंथली कंपाउंडिंग) | 7 दिन से 10 साल |
बैंक ऑफ बड़ौदा | 1 करोड़ | 4 से 7.5 फीसद (तिमाही कंपाउंडिंग) | 7 दिन से 10 साल |
स्टैंडर्ड चार्टेड | 1 करोड़ | 4.25 से 7.75 फीसद (तिमाही कंपाउंडिंग) | 7 दिन से पांच साल |
इंडिया पोस्ट | 1 करोड़ | 7 से 7.8 फीसद (तिमाही कंपाउंडिंग) | 1 से पांच साल |
बंधन बैंक | 1 करोड़ | 3.5 से 8 फीसद (तिमाही कंपाउंडिंग) | 7 दिन से 10 साल |
(नोट- ये आंकड़े बैंक बाजार डॉट कॉम से लिए गए हैं।)