त्योहारों पर Swiggy का तोहफा, एक साथ 5 रेस्टोरेंट से खाना कर सकेंगे ऑर्डर; नया फीचर हुआ लॉन्च
Swiggy new feature: स्विगी ने 'मल्टी-रेस्टोरेंट ऑर्डरिंग' फीचर लॉन्च किया है, जिससे ग्राहक एक ही पेमेंट में अधिकतम पांच रेस्टोरेंट ...और पढ़ें

त्योहारों पर Swiggy का तोहफा
HighLights
एक ही पेमेंट में पांच रेस्टोरेंट से ऑर्डर करें।
अलग-अलग पसंद वाले समूहों के लिए विशेष सुविधा।
720 से अधिक शहरों में उपलब्ध, त्योहारों पर उपयोगी।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: दीवाली और त्योहारी सीजन के बीच भारत के प्रमुख ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Swiggy ने अपने यूजर्स को एक बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी ने ऐप पर 'मल्टी-रेस्टोरेंट ऑर्डरिंग' (Multi-Restaurant Ordering) नाम का एक बिल्कुल नया और इनोवेटिव फीचर लॉन्च किया है।
एक पेमेंट में पांच रेस्टोरेंट से ऑर्डर
स्विगी ने अपने ऐप पर Multi Restaurant Ordering फीचर पेश किया है। इसके जरिए ग्राहक अधिकतम पांच रेस्टोरेंट से अपनी पसंद का खाना चुनकर एक साथ ऑर्डर कर (Food order) सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए बार-बार अलग-अलग कार्ट बनाकर चेकआउट करने और पेमेंट करने की जरूरत नहीं होगी। ग्राहक एक ही पेमेंट में सभी ऑर्डर प्लेस कर सकेंगे।
कंपनी के मुताबिक, इस फीचर को खास तौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिनके घर या ग्रुप में खाने की पसंद अलग-अलग होती है। इससे ग्राहक अपनी पसंद के स्टार्टर, मेन कोर्स और डेजर्ट अलग-अलग रेस्टोरेंट से मंगा सकते हैं।
कार्ट की तुलना करने की भी सुविधा
इस फीचर में ग्राहक अलग-अलग रेस्टोरेंट के कई कार्ट बना सकते हैं और उन्हें एक-दूसरे के साथ देखकर तुलना भी कर सकते हैं। इससे अपनी पसंद के व्यंजन चुनना आसान होगा। साथ ही, अलग-अलग ऑर्डर (Orders)के लिए बार-बार चेकआउट, OTP और पेमेंट की प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
स्विगी ने बताया कि हर रेस्टोरेंट का ऑर्डर अलग-अलग तैयार होगा और उसकी डिलीवरी भी स्वतंत्र रूप से की जाएगी। हालांकि, ग्राहक एक ही ट्रैकिंग स्क्रीन पर सभी ऑर्डर का स्टेटस देख सकेंगे। यानी एक जगह से सभी ऑर्डर की जानकारी मिल जाएगी।
55% यूजर एक से ज्यादा कार्ट बनाते हैं
स्विगी की ओर से किए गए कंज्यूमर रिसर्च के मुताबिक, 55% यूजर एक ही सेशन में दो कार्ट बनाते हैं। वहीं, हर पांच में से एक यूजर अपने पहले ऑर्डर के 30 मिनट के भीतर दूसरा ऑर्डर भी करता है। कंपनी का मानना है कि नया फीचर ऐसे ग्राहकों की परेशानी कम करेगा, जिन्हें अलग-अलग पसंद के कारण कई बार ऑर्डर करना पड़ता है।
स्विगी फूड मार्केटप्लेस के चीफ बिजनेस ऑफिसर सिद्धार्थ भाकू के मुताबिक, इस फीचर का मकसद ग्राहकों को उनकी पसंद का खाना चुनने की ज्यादा आजादी देना और घर पर फूड कोर्ट जैसा अनुभव उपलब्ध कराना है।
720 से ज्यादा शहरों में उपलब्ध
कंपनी के मुताबिक, Multi Restaurant Ordering फीचर (swiggy new feature) देश के 720 से ज्यादा शहरों में उपलब्ध है। स्विगी को उम्मीद है कि त्योहारों, लंबी छुट्टियों और पारिवारिक आयोजनों के दौरान यह सुविधा ग्राहकों के लिए उपयोगी साबित होगी। हालांकि, अलग-अलग रेस्टोरेंट से ऑर्डर करने पर डिलीवरी का समय अलग हो सकता है। कंपनी ने इस फीचर के जरिए ग्राहकों को ज्यादा विकल्प और सुविधाजनक ऑर्डरिंग अनुभव देने की कोशिश की है।
