रेलवे के बाद डाक विभाग के कर्मचारियों को दीपावली गिफ्ट, मिलेगा 60 दिन का बोनस; खाते में आएंगे 14 हजार रुपये
डाक विभाग ने दीपावली से पहले अपने कर्मचारियों को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 60 दिन के वेतन के बराबर प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) देने की घोषणा की है।

डाक विभाग कर्मचारियों को 60 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस।
HighLights
डाक विभाग कर्मचारियों को 60 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस।
दीपावली से पहले खाते में आएंगे लगभग 14,000 रुपये।
नियमित कर्मचारियों और ग्रामीण डाक सेवकों को लाभ।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। दीपावली से पहले केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे के बाद अब डाक विभाग ने भी अपने कर्मचारियों के लिए बोनस का एलान किया है। डाक विभाग ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पात्र कर्मचारियों को 60 दिन के वेतन के बराबर प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) देने की मंजूरी दी है। कैलकुलेशन के अनुसार डाक विभाग के कर्मचारियों के खाते में 14 हजार रुपये आ सकते हैं।
डाक विभाग की ओर से शुक्रवार 16 अक्टूबर 2026 को जारी किए गए आदेश में बोनस भुगतान से जुड़े नियमों और पात्रता की जानकारी दी गई है। इस आदेश को वित्त मंत्री की मंजूरी भी मिल चुकी है। यानी डाक विभाग के कर्मचारियों को दीपावली से पहले बोनस मिलेगा।
किन कर्मचारियों को मिलेगा बोनस?
नियमित कर्मचारी: मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS), ग्रुप C और गैर-राजपत्रित ग्रुप B के कर्मचारी।
ग्रामीण डाक सेवक (GDS): नियमित रूप से काम करने वाले पात्र ग्रामीण डाक सेवक।
अस्थायी कर्मचारी: निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले पूर्णकालिक कैजुअल लेबर और अस्थायी दर्जे वाले कैजुअल कर्मचारी।
नियमित कर्मचारियों को 60 दिन के वेतन के बराबर प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस दिया जाएगा। वहीं, ग्रामीण डाक सेवकों को नियमानुसार एक्स-ग्रेशिया बोनस और पात्र अस्थायी कर्मचारियों को एड-हॉक बोनस मिलेगा।
कितने रुपये का मिलेगा बोनस?
डाक विभाग के नियमित कर्मचारियों के बोनस की गणना के लिए मासिक वेतन की अधिकतम सीमा 7,000 रुपये तय की गई है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान हर महीने मिलने वाले पात्र वेतन को इस सीमा के आधार पर गिना जाएगा।
पूरे साल पात्र रहने वाले कर्मचारी के लिए 60 दिन के बोनस की गणना इस प्रकार समझी जा सकती है:
गणना के लिए मासिक वेतन: 7,000 रुपये
एक दिन का अनुमानित वेतन: 7,000 ÷ 30 = 233.33 रुपये
60 दिन का बोनस: लगभग 14,000 रुपये
इस तरह, निर्धारित वेतन सीमा के आधार पर पूरे साल पात्र रहने वाले नियमित कर्मचारी को करीब 14,000 रुपये का बोनस मिल सकता है। वास्तविक भुगतान कर्मचारी की पात्रता, संबंधित अवधि के वेतन और लागू नियमों के अनुसार तय होगा।
ग्रामीण डाक सेवकों को भी मिलेगा बोनस
डाक विभाग ने नियमित रूप से काम करने वाले ग्रामीण डाक सेवकों (GDS) के लिए भी एक्स-ग्रेशिया बोनस की मंजूरी दी है। इसकी गणना वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान मिले टाइम रिलेटेड कंटिन्यूटी अलाउंस (TRCA) और संबंधित महंगाई भत्ते के आधार पर की जाएगी।
इस श्रेणी में भी गणना के लिए मासिक राशि की अधिकतम सीमा 7,000 रुपये रखी गई है। जिन ग्रामीण डाक सेवकों ने पूरे साल काम नहीं किया है, उन्हें पात्र अवधि के हिसाब से आनुपातिक बोनस दिया जा सकता है।
