Investment Tips: बढ़ती कॉलेज फीस की टेंशन करें दूर! बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए अपनाएं ये 4 शानदार इन्वेस्टमेंट टिप्स
Investment Tips For Child Education: बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए बढ़ती महंगाई को देखते हुए सही वित्तीय योजना बनाना ...और पढ़ें

बच्चे की पढ़ाई के लिए इनवेस्ट करें इस स्कीम्स में
HighLights
बढ़ती शिक्षा महंगाई के लिए बच्चों की पढ़ाई में निवेश करें।
म्यूचुअल फंड, SSY, PPF, NPS वात्सल्य में करें निवेश।
सुरक्षित सरकारी योजनाओं और म्यूचुअल फंड का संतुलित उपयोग करें।
नई दिल्ली: बच्चों की उच्च शिक्षा ( Higher Education) के लिए समय रहते सही फाइनेंशियल प्लानिंग करना बेहद जरूरी हो गया है, क्योंकि आने वाले सालों में पढ़ाई का खर्च तेजी से बढ़ने वाला है। ऐसे में एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं रि माता-पिता को सिर्फ एक निवेश विकल्प पर निर्भर रहने की बजाय अलग-अलग स्कीम्स का संतुलित इस्तेमाल करना चाहिए।
इन योजनाओं में कर सकते हैं निवेश
बच्चों की हायर एजुकेशन (उच्च शिक्षा) की प्लानिंग के लिए माता-पिता पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), सुकन्या समृद्धि योजना (SSY), एनपीएस वात्सल्य (NPS Vatsalya) और म्यूचुअल फंड्स (Mutual Funds) का सही कॉम्बिनेशन कैसे तैयार कर सकते हैं।
चूंकि आजकल एजुकेशन इन्फ्लेशन (पढ़ाई की महंगाई) हर साल 10 से 12% की दर से बढ़ रही है, इसलिए सिर्फ एक स्कीम के भरोसे बैठना समझदारी नहीं है। आइए समझते हैं कि बच्चों के भविष्य के लिए कौन-सी स्कीम बेहतर है?
5 साल के निवेश पर रिटर्न की तुलना
यदि कोई माता-पिता अपने बच्चे के भविष्य के लिए हर महीने ₹3,000 का निवेश 15 साल तक करते हैं तो कुल निवेश ₹5.4 लाख हो जाएगा। ऐसे में अलग-अलग विकल्पों में मिलने वाला संभावित फंड इस प्रकार होगा:
* म्यूचुअल फंड: ₹14.43 लाख (संभावित 12.12% सालाना रिटर्न के आधार पर)
* NPS वात्सल्य: ₹10.5 लाख से ₹11 लाख (इक्विटी एक्सपोजर के कारण PPF से बेहतर)
* सुकन्या समृद्धि योजना (SSY): ₹9.5 लाख से ₹10 लाख (वर्तमान ब्याज दर 8.2% के आसपास)
* पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF): ₹9 लाख से ₹9.5 लाख (वर्तमान ब्याज दर 7.1% के अनुसार)
कौन-सी योजना है फायदेमंद
1. म्यूचुअल फंड (Mutual Funds)
यह बच्चों की पढ़ाई के लिए सबसे बड़ा फंड (Corpus) बनाकर दे सकता है। इसमें पैसे का एक बड़ा हिस्सा शेयर बाजार (Equity) में जाता है, जो लंबी अवधि में महंगाई को मात देने वाले रिटर्न देता है। इसमें कोई 'लॉक-इन' (पैसे निकालने पर पाबंदी) नहीं होती। इसलिए कई बार माता-पिता किसी इमरजेंसी या बाजार के उतार-चढ़ाव से डरकर बीच में ही पैसा निकाल लेते हैं, जिससे बच्चे की पढ़ाई का लक्ष्य टूट जाता है।
2. सुकन्या समृद्धि योजना - SSY (सिर्फ बेटियों के लिए)
अगर आपकी बेटी है, तो यह सबसे सुरक्षित और बेहतरीन स्कीम है। सरकार इस पर सरकारी योजनाओं में सबसे ज्यादा (फिलहाल 8.2%) ब्याज दे रही है। साथ ही इसका मैच्योरिटी अमाउंट पूरी तरह टैक्स-फ्री होता है। यह केवल 10 साल से कम उम्र की बेटियों के लिए ही खोला जा सकता है।
3. पब्लिक प्रोविडेंट फंड - PPF (बेटों और बेटियों दोनों के लिए)
यह सरकारी गारंटी के साथ आता है और पूरी तरह सुरक्षित है। इस पर मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी की रकम भी टैक्स-फ्री (EEE कैटगरी) होती है।और साथ ही इसका रिटर्न फिक्स्ड होता है (फिलहाल 7.1%), जो बहुत ज्यादा नहीं है। इसलिए यह अकेले दम पर बड़ी पढ़ाई का खर्च नहीं निकाल सकता।
4. एनपीएस वात्सल्य (NPS Vatsalya)
सरकार ने इसे हाल ही में बच्चों के लिए शुरू किया है। इसमें पीपीएफ या एसएसवाई की तुलना में ज्यादा रिटर्न की संभावना होती है क्योंकि इसमें पैसे को इक्विटी (शेयर) में निवेश करने की छूट मिलती बै (50% से 75% तक)। जब बच्चा 18 साल का होगा, तो आप इस फंड का पूरा पैसा एक साथ नहीं निकाल सकते। नए नियमों के मुताबिक, अगर फंड ₹2.5 लाख से ज्यादा है, तो केवल 20% रकम ही एकमुश्त (Lump sum) मिलेगी, बाकी 80% पैसे से एन्युटी (Annuity) खरीदनी होगी, जिससे बच्चे को आगे पेंशन मिलेगी। इसलिए यह पढ़ाई के तुरंत खर्च के लिए थोड़ा पेचीदा हो सकता है।
कभी भी पूरा पैसा एक जगह न लगाएं। सुरक्षित सरकारी योजनाओं को सुरक्षा कवच की तरह इस्तेमाल करें और बड़ा फंड बनाने के लिए म्यूचुअल फंड की मदद लें।
डिस्क्लेमर: यह खबर सामान्य जानकारी के लिए है। जागरण बिजनेस किसी भी योजना में निवेश करने की सलाह नहीं देता। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
