EPFO का ₹25000 करोड़ का सबसे बड़ा प्लान! सब्सक्राइबर्स को मिलेगी गुड न्यूज, अब बाजार के झटकों से सुरक्षित रहेगा PF ब्याज?
EPFO News: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने 30 करोड़ सदस्यों के PF ब्याज को बाजार के उतार-चढ़ाव से बचाने ...और पढ़ें

EPFO का ₹25000 करोड़ का सबसे बड़ा प्लान!
HighLights
₹25,000 करोड़ का इंटरेस्ट स्टेबिलाइजेशन रिजर्व बनाने पर विचार।
बाजार के उतार-चढ़ाव से PF ब्याज दर स्थिर रखने का लक्ष्य।
कंपनियों के डिफॉल्ट और निवेश नुकसान से सदस्यों को सुरक्षा मिलेगी।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने करीब 30 करोड़ सदस्यों के PF पर मिलने वाले ब्याज को स्थिर रखने के लिए बड़ा कदम उठाने पर विचार कर रहा है। इसके तहत ₹25000 करोड़ का इंटरेस्ट स्टेबिलाइजेशन रिजर्व (Interest stabilisation reserve) बनाने की चर्चा है। इसका मकसद बाजार में उतार-चढ़ाव, कंपनियों के डिफॉल्ट और निवेश में होने वाले नुकसान का असर PF के सालाना ब्याज पर पड़ने से रोकना है।
क्या होगा इस रिजर्व का फायदा?
रिपोर्ट के मुताबिक, EPFO और सरकार ऐसा सिस्टम चाहते हैं, जिससे बाजार की खराब परिस्थितियों के कारण PF सदस्यों को मिलने वाली ब्याज दर में अचानक बड़ी गिरावट या बढ़ोतरी न हो। प्रस्तावित रिजर्व पड़ने पर ब्याज भुगतान को स्थिर रखने में मदद कर सकता है।
कंपनियों के डिफॉल्ट से होने वाले नुकसान पर नजर
EPFO कॉरपोरेट बॉन्ड और दूसरी सिक्योरिटीज में निवेश करता है। अगर कोई कंपनी भुगतान करने में चूक करती है या किसी निवेश की रेटिंग घट जाती है, तो उससे EPFO को नुकसान हो सकता है। इसके अलावा, किसी निवेश से बाहर निकलते समय कम कीमत मिलने पर भी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसका असर संगठन की कमाई और सदस्यों को दिए जाने वाले सालाना ब्याज पर पड़ सकता है।
निवेश से जुड़े फैसले लेने में मिलेगी मदद
रिपोर्ट के अनुसार, यह रिजर्व केवल सदस्यों के ब्याज को सुरक्षा देने तक सीमित नहीं होगा। इससे EPFO को खराब प्रदर्शन करने वाले निवेश से योजनाबद्ध तरीके से बाहर निकलने और पोर्टफोलियो मैनेजरों को लंबे समय के निवेश संबंधी फैसले लेने में भी मदद मिल सकती है।
फिलहाल यह प्रस्ताव विचार-विमर्श के स्तर पर है। इसलिए ₹25,000 करोड़ का रिजर्व बनाने और उसके इस्तेमाल से जुड़े अंतिम नियमों की पुष्टि होना बाकी है।
