सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PF क्लेम में देरी पर EPFO को लगा झटका, उपभोक्ता अदालत ने 6% ब्याज चुकाने का दिया आदेश

By Jagran BusinessEdited By: Gyanendra Tiwari
Published: Wed, 09 Sep 2026 09:03 PM (IST)

मुंबई की उपभोक्ता अदालत ने EPFO को एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के पीएफ दावे के निपटारे में 35 दिन की देरी के लिए 6% ब्याज देने का निर्देश दिया है।

EPFO को पीएफ क्लेम में देरी पर ब्याज देने का आदेश।

EPFO को पीएफ क्लेम में देरी पर ब्याज देने का आदेश।

HighLights

  1. EPFO को पीएफ क्लेम में देरी पर ब्याज देने का आदेश।

  2. उपभोक्ता अदालत ने 35 दिन की देरी के लिए 6% ब्याज तय किया।

  3. EPFO 20 दिन में दावा निपटाने में विफल रहा, सेवा में कमी।

PTI, नई दिल्ली। PF Claim News: महाराष्ट्र की एक उपभोक्ता अदालत ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) को सेवानिवृत्त कर्मचारी के 14 लाख रुपये से अधिक के भविष्य निधि (पीएफ) दावे के निपटारे में 35 दिन की देरी के लिए छह प्रतिशत ब्याज का भुगतान करने का निर्देश दिया है।

मुंबई उपनगर जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने पिछले सप्ताह पारित आदेश में कहा कि ईपीएफओ ने कर्मचारी भविष्य निधि योजना, 1952 के तहत निर्धारित 20 दिन की अवधि में दावा निपटाने में विफल रहकर सेवा नियमों का पालन नहीं किया है।

कर्मचारी ने याचिका में क्या कहा?

शिकायतकर्ता फ्लीट मैरीटाइम सर्विसेज (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के पूर्व कर्मचारी ने अपनी याचिका में कहा कि उन्होंने 19 अक्टूबर, 2016 को पीएफ निकासी का पूरा दावा जमा किया था, लेकिन EPFO ने तय समय सीमा में इसका निपटारा नहीं किया।

ईपीएफओ ने दलील दी कि कर्मचारी ने मूल दावे के साथ जरूरी संयुक्त घोषणा पत्र जमा नहीं किया था, इसलिए दस्तावेज सात नवंबर, 2016 को वापस कर दिए गए थे। संगठन को पूरे दस्तावेज दो दिसंबर, 2016 को मिले और इसके बाद 14 दिसंबर, 2016 को 20 दिन के भीतर दावा निपटा दिया गया।

EPFO की दलील हुई खारिज

हालांकि, आयोग ने ईपीएफओ की दलील को खारिज करते हुए कहा कि संगठन ऐसा कोई लिखित अस्वीकृति पत्र या कमी संबंधी सूचना पेश नहीं कर सका, जिससे यह साबित हो सके कि पहली बार जमा किया गया दावा अधूरा था।

आयोग ने कहा, "उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विपक्षी पक्ष यह साबित करने में विफल रहा कि 19 अक्टूबर, 2016 को दावा अधूरा था।"

इसने कहा कि EPFO को तय समय सीमा में दावे की प्रक्रिया पूरी कर भुगतान करना चाहिए था। ऐसा नहीं करना ‘सेवा में कमी’ माना जाएगा। आयोग ने ईपीएफओ को 14,06,272 रुपये की दावा राशि पर 35 दिन की देरी अवधि (नौ नवंबर, 2016 से 13 दिसंबर, 2016 तक) के लिए सालाना छह प्रतिशत ब्याज देने का आदेश दिया है। EPFO को आदेश का पालन करने के लिए 45 दिन का समय दिया गया है।

यह भी पढ़ें- 'न्यूनतम वेतन ₹68000 और पुरानी पेंशन बहाल करो', 8th Pay Commission की बीच मीटिंग में किसने की बड़ी डिमांड