आधार 'चैलेंज' कर सुर्खियों में आए राम सेवक शर्मा 2020 तक बने रहेंगे ट्राई के चेयरमैन
दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के वर्तमान प्रमुख राम सेवक शर्मा का कार्यकाल 2020 तक बढ़ाया गया है।
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। राम सेवक शर्मा 2020 तक दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के प्रमुख बने रहेंगे। गुरुवार को जारी एक आधिकारिक आदेश में उनका कार्यकाल दो वर्षों के लिए बढ़ाया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने 10 अगस्त, 2018 से 30 सितंबर, 2020 तक के लिए राम सेवक शर्मा को ट्राई के अध्यक्ष के रूप में एक बार नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। यह आदेश कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी किया गया है। बता दें कि शर्मा 2015 से ही ट्राई प्रमुख की कुर्सी पर काबिज हैं।
गौरतलब है कि आरएस शर्मा हाल ही में अपना आधार नंबर सार्वजनिक कर विवादों में आए थे। उन्होंने खुली चुनौती दी थी कि कोई उनके आधार नंबर का मिस यूज करके दिखाए। इसके बाद कईयों ने शर्मा की व्यक्तिगत जानकारी, पैन, मोबाइल नंबर, घर का पता इत्यादि शेयर करना शुरू कर दिया था। जिसके बाद UIDAI की ओर से सफाई आई कि ट्विटर पर जिस व्यक्ति, आरएस शर्मा की जानकारी को शेयर किया जा रहा है वह आधार डाटाबेस सर्वर से नहीं ली गई है।
इसके अलावा आधार के जरिए उनकी बेटी की मेल आईडी की जानकारी लेकर उन्हें धमकी भरे मेल भेजे गए। कई लोगों ने शर्मा की आलोचना की कि उन्हें अपना आधार नंबर सार्वजनिक नहीं करना चाहिए था।
हालांकि बाद में दिए एक बयान में शर्मा ने कहा था कि उनका मकसद यह नहीं था कि लोग अपना आधार नंबर शेयर करें, साथ ही उन्होंने बायोमेट्रिक पहचान नंबर के खुलासे, उसकी जानकारी देने या साझा करने से डिजिटल नुकसान के खतरे को भी सिरे से खारिज किया था।