अमेरिकी प्रतिबंधों से पहले ही ईरान की मुद्रा धड़ाम, रियाल आया रिकॉर्ड लो पर
रविवार को एक डॉलर 1,11,500 रियाल के बराबर हो गया। शनिवार को यह 97,500 रियाल के स्तर पर था
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। अमेरिका की ओर से प्रतिबंध लगने से पहले ही ईरान पर दुष्प्रभाव नजर आने लगे हैं। डॉलर के मुकाबले ईरानी मुद्रा रियाल की कीमत एक लाख रुपये से भी नीचे गिर गई है। ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंधों का पहला चरण सात अगस्त से शुरू होना है।
एक फॉरेन एक्सचेंज वेबसाइट के मुताबिक, डॉलर की तुलना में रियाल की कीमत तेजी से गिरी है। रविवार को एक डॉलर 1,11,500 रियाल के बराबर हो गया। शनिवार को यह 97,500 रियाल के स्तर पर था। कुछ अन्य वेबसाइट के मुताबिक, रविवार को डॉलर का एक्सचेंज मूल्य 1,08,500 से 1,16,000 रियाल के बीच रहा था। कमजोर अर्थव्यवस्था, वित्तीय दिक्कतों और अमेरिकी प्रतिबंध के दुष्प्रभाव से बचने के लिए डॉलर की बढ़ी मांग के चलते रियाल में गिरावट आई है।
जानकारी के बता दें कि बीते हफ्ते राष्ट्रपति हसन रूहानी ने केंद्रीय बैंक के चीफ को बदल दिया था। इसका मुख्य कारण संकट से निपटने में असफलता को बताया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि परमाणु कार्यक्रमों पर नियंत्रण की शर्त के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध हटाने के लिए 2015 में ईरान के साथ अमेरिका और अन्य देशों ने समझौता किया था। इस साल मई में अमेरिका ने खुद को इस समझौते से बाहर करते हुए पुन: प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर दी। अमेरिका ने विभिन्न देशों को चेतावनी दी है कि वे चार नवंबर से ईरान से तेल आयात बंद कर दें, अन्यथा उन्हें भी अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा।