अप्रैल महीने में घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या में हुआ 26 फीसद तक का इजाफा: DGCA
अप्रैल महीने के दौरान हर 10 में चार से ज्यादा यात्रियों ने इंडिगो से सफर किया है
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। घरेलू हवाई यात्रियों की वॉल्यूम (संख्या) में अप्रैल में 26 फीसद तक की तेजी दर्ज की गई है। यह बढ़कर 11.51 मिलियन हो गई है। इस संख्या में इजाफे का मुख्य कारण बीते महीने से शुरू हुआ टूरिस्ट सीजन है। यह जानकारी डीजीसीए की ओर से रिलीज किये गये डेटा के अनुसार सामने आई है।
डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) के डेटा से पता चलता है कि अप्रैल महीने में कुल 11.51 मिलियन भारतीय यात्रियों ने हवाई सफर किया है। बीते वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 91.34 मिलियन रहा था। इस तरह से इसमें 24.1 फीसद की वृद्धि दर्ज की गई है।
गुरुग्राम में स्थित इंडिगो बाजार का लीडर रहा है। अप्रैल महीने के दौरान हर 10 में चार से ज्यादा यात्रियों ने इसमें सफर किया है। इससे कुल 4.58 मिलियन पैसेंजर्स ने सफर किया है। हालांकि इसके प्रतिस्पर्धी स्पाइसजेट सीट ऑक्यूपेंसी के मामले में पहले स्थान पर रहा है। इस दौरान इसकी फ्लाइट में 95.5 फीसद सीट्स भरी गईं।
यात्रियों की सबसे ज्यादा संख्या के अलावा समय पर उड़ान परिचालन (ऑन इंडिगोटाइम परफोर्मेंस ओटीपी) के मामले में भी पहले स्थान पर रही है। इसकी 86.6 फीसद फ्लाइट्स ने शेड्यूल के हिसाब से मुबंई, दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलुरू एयरपोर्ट से समय पर उड़ान भरी और पहुंची हैं। इसके बाद इस सूची में अगले स्थान पर स्पाइसजेट (86.1 फीसद), गो एयर (86.1 फीसद) और जेट एयरवेज रही है। जेट एयरवेज और उसकी सहायक जेट लाइट का ओटीपी स्तर 82.9 फीसद और विस्तारा का 78.4 फीसद रहा है। बीते कई महीनों से जेट एयरवेज का सबसे अच्छा ओटीपी स्तर रहा है। आपको बता दें कि सार्वजनिक क्षेत्र की एयर इंडिया ओटीपी मामाले में सबसे पीछे रही है।