मानसून से तय होगी बाजार की चाल
बाजार अब कंपनियों के नतीजों, मानसून की रफ्तार और वैश्विक संकेतों के मुताबिक चलेगा। ज्यादातर सेक्टरों में कंपनियों के नतीजों में बहुत अधिक बदलाव की उम्मीद नहीं है। माना जा रहा है कि नतीजों में सुधार का रुख अब वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में ही होगा। उधर ग्रीस के
बाजार अब कंपनियों के नतीजों, मानसून की रफ्तार और वैश्विक संकेतों के मुताबिक चलेगा। ज्यादातर सेक्टरों में कंपनियों के नतीजों में बहुत अधिक बदलाव की उम्मीद नहीं है। माना जा रहा है कि नतीजों में सुधार का रुख अब वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में ही होगा। उधर ग्रीस के नागरिक राहत पैकेज को नकार चुके हैं, लेकिन हमारा मानना है कि यूरोपीय समुदाय ग्रीस को यूरोपीय संघ में बने रहने के लिए राजी कर लेगा। 21 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। इसमें लंबित सुधारों पर कदम आगे बढ़ने की उम्मीद है।
शुरुआती अनुमान के मुकाबले अब मानसून की रफ्तार बेहतर हो रही है। एमएसपी की दर और एफसीआइ के पुनर्गठन के साथ-साथ जिंसों की वैश्विक कीमत में गिरावट के चलते खराब मानसून की आंशका से अर्थव्यवस्था के गड़बड़ाने की आशंकाएं समाप्त हो गई हैं। बल्कि अब तो कमोडिटी की कीमतों में गिरावट के बाद स्थितियों में सुधार की संभावनाएं बढ़ गई हैं। ये स्थितियां रिजर्व बैंक को महंगाई दर के मोर्चे पर राहत प्रदान करेंगी।
वैश्विक मोर्चे पर कमोडिटी की कीमतों में गिरावट के मामले में भारत विश्व की बाकी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं से अलग खड़ा दिखा। इतना ही नहीं, भारत निवेश का प्रवाह आकर्षित करने में भी कामयाब रहा है। निवेशकों को सलाह है कि प्रत्येक गिरावट को वे पोर्टफोलियो विस्तार के मौके के तौर पर इस्तेमाल करें। लेकिन नया निवेश दीर्घकालिक अवधारणा के साथ होना चाहिए। मई के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े उम्मीदों से कम आए हैं। खुदरा महंगाई दर के आंकड़े सोमवार को आएंगे। जून के आंकड़ों में वृद्धि की आशंका व्यक्त की जा रही है।
इस हफ्ते तेल कंपनियों को भी पेट्रोल व डीजल की कीमतों की समीक्षा करनी है। इसलिए उन पर नजर बनाए रखनी होगी। इस सप्ताह इंडसइंड बैंक, डीसीबी, जी एंटरटेनमेंट, माइंड ट्री और क्रिसिल के नतीजे आएंगे। वैश्विक स्तर पर यूके और यूरो जोन से खुदरा महंगाई के आंकड़े मंगलवार को आएंगे। इसी दिन चीन से दूसरी तिमाही के जीडीपी आंकड़े जारी होंगे। यूरो जोन गुरुवार को ब्याज दरों की घोषणा करेगा।
संदीप पारवाल
एमडी
एसपीए
कैपिटल्स