हेल्थ गार्ड पॉलिसी में बढ़ेगा परिवार का दायरा, जानिए इससे जुड़ी और बड़ी बातें
जानिए हेल्थ गार्ड पॉलिसी से जुड़ी हर छोटी बड़ी बात
नई दिल्ली। निजी क्षेत्र की गैर-जीवन बीमा कंपनी बजाज आलियांस जनरल इन्श्योरेंस ने बताया कि उसने बदलाव के साथ अपनी व्यापक स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी 'हेल्थ गार्ड' को लॉन्च कर दिया है। इस पॉलिसी की अधिकतम अवधि तीन साल तक के लिए होगी।
क्या है पॉलिसी में:
कंपनी की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान के मुताबिक कंपनी की इस पॉलिसी में फैमली के अंतर्गत माता-पिता, पोते, बहन, भाई, सास ससुर, भाभी, चाची और चाचा को कवरेज प्रदान किया जाएगा। इस पॉलिसी में पॉलिसी की पूरी अवधि के दौरान सिर्फ एक बीमारी के लिए बीमित राशि का पैसा मिलेगा।
क्या है पॉलिसी के लाभ:
यह पॉलिसी स्वास्थ्य लाभ के साथ ही अनूठी विशेषताओं से लैस है। इसमें पोषक तत्वों की खुराक, समर्थन उपकरण और इत्यादि की देखभाल के लिए एकमुश्त राशि का भुगतान किया जाता है। पॉलिसी लेने के 10 दिन बाद इसका फायदा उठाया जा सकता है। इस पॉलिसी का प्रीमियम भी बीमा लेने वाले व्यक्ति के निवास स्थान यानी शहर के आधार पर अलग-अलग होता है।
आश्रित बच्चे के लिए पॉलिसी में हुआ आयु सीमा में इजाफा:
इस नई पॉलिसी के अंतर्गत आश्रित बच्चे की आयु सीमा को भी बढ़ाकर 30 वर्ष कर दिया गया है। पहले यह सीमा 25 वर्ष थी। इसके अलावा आश्रित बच्चों के लिए कवर का अब 35 वर्ष तक नवीकरण किया जा सकता है, जो कि अधिक उम्र तक स्वास्थ्य खर्चों को वहन करेगा (अगर तब तक बच्चा अपने माता पिता पर आश्रित रहता है)।