Gold Silver Price Crash LIVE: मार्केट खुलते कीमतें धड़ाम! सोना ₹2800 टूटा, चांदी ₹6000 से ज्यादा लुढ़की; क्यों गिरे दाम?
Gold Silver Price Crash Today: आज सोमवार यानी 28 सितंबर को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज हुई। MCX पर सोना 2800 रुपए और चांदी 6000 रुपए से ज्यादा सस्ती हो गई। जागरण बिजनेस के लाइव ब्लॉग में जानिए ताजा अपडेट।
-1790566795501_m.webp)
गोल्ड-सिल्वर में भारी गिरावट, सोना 2% गिरा और चांदी 3.50% से ज्यादा टूटी
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| आज, सोमवार यानी कारोबारी हफ्ते के पहले दिन सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट (gold silver price crash) दर्ज हुई। ग्लोबल मार्केट में सोना 2 फीसदी से ज्यादा टूटा और 90 डॉलर तक सस्ता हो गया। वहीं चांदी 3.50% से ज्यादा टूट गई। ग्लोबल मार्केट कोॉमेक्स पर सोना 4234 डॉलर प्रति औंस और चांदी 62 डॉलर के आसपास कारोबार (gold silver price today) कर रही है।
गोल्ड-सिल्वर में यह गिरावट भारतीय बाजार में भी देखी गई। सुबह 9 बजे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज खुलते ही सोना-चांदी क्रैश हो गया। मार्केट खुलते ही सोना 2800 टूट गया। जबकि चांदी में 6000 रुपए से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई। अब सवाल यह है कि आखिर दाम क्यों टूटे, इतनी बड़ी गिरावट क्यों आई? जागरण बिजनेस के लाइव ब्लॉग में जानिए ताजा अपडेट
Gold Silver Price Today: आज दिन भर क्या करें निवेशक?
अमेरिका से इस हफ्ते आने वाले कई अहम आर्थिक आंकड़े सोने की कीमतों की दिशा तय कर सकते हैं। बाजार की नजर कंज्यूमर कॉन्फिडेंस, GDP, PCE महंगाई, मैन्युफैक्चरिंग डेटा और सितंबर की नॉन-फार्म पेरोल रिपोर्ट पर रहेगी। इसके अलावा फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के बयानों पर भी निवेशकों की नजर होगी।
इनमें US जॉब्स रिपोर्ट खास अहम है। अगर लेबर मार्केट के आंकड़े उम्मीद से मजबूत आते हैं, तो फेड की सख्त मॉनेटरी पॉलिसी की उम्मीद बढ़ सकती है। इससे सोने पर दबाव बढ़ने की संभावना है। वहीं, कमजोर रोजगार आंकड़े ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की उम्मीद को कम कर सकते हैं।
LKP Securities के कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट और VP जतिन त्रिवेदी ने कहा कि बाजार का रुख फिलहाल सतर्क है और उतार-चढ़ाव ऊंचा रह सकता है। उनके मुताबिक, आने वाले नॉन-फार्म पेरोल और बेरोजगारी के आंकड़े अक्टूबर में फेड के पॉलिसी फैसले को लेकर बाजार की उम्मीदें तय करने में अहम होंगे।
Gold ETF भी क्रैश, 2.50 फीसदी तक की दिखी गिरावट
गोल्ड और सिल्वर की कीमतों में भारी गिरावट के बीच गोल्ड ईटीएफ में भी 2.47 फीसदी तक की गिरावट देखी गई। इन्वेस्को इंडिया गोल्ड ईटीएफ में 2.47%, एक्सिस म्यूचुअल फंड में 2.29%, यूनियन गोल्ड ईटीएफ में 2.41%, एसबीआई गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेट स्कीम में 2.13% और कोटक गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड में 2.12% तक की गिरावट देखी गई।
Gold Price Today: गोल्ड की कीमतों में उछाल, बदल रहा निवेश का तरीका
सोने की कीमतें ऊंचे स्तर पर पहुंचने के साथ लोगों के खरीदने और निवेश करने का तरीका भी बदल रहा है। कोटक म्यूचुअल फंड के फंड मैनेजर (ETF) सतीश डोंडापति के मुताबिक,
महंगे सोने की वजह से खरीदार अब हल्की ज्वैलरी और सोने के दूसरे विकल्पों की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग अब ETF, डिजिटल गोल्ड और सिक्कों जैसे विकल्पों को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। ऊंची कीमतों के बीच ये विकल्प कम बजट में सोने में निवेश का रास्ता देते हैं।"
डोंडापति ने कहा कि मध्यम से लंबी अवधि में सोने को लेकर उनका नजरिया सकारात्मक बना हुआ है। हालांकि, निकट अवधि में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
उनके मुताबिक, सोने की ऊंची कीमतों के कारण निवेश के इन वैकल्पिक तरीकों की ओर बढ़ता रुझान आगे भी जारी रहने की संभावना है। यानी महंगे सोने के दौर में लोग पारंपरिक ज्वैलरी के बजाय ETF, डिजिटल गोल्ड और कॉइन्स जैसे विकल्पों को ज्यादा तरजीह दे सकते हैं।
Gold Silver Price Today: जियोपॉलिटिकल टेंशन से आज क्या बदलेगा?
अमेरिका-ईरान तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास की घटनाएं भी बाजार के लिए अहम हैं। इन घटनाओं से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। सोमवार, 28 सितंबर को ब्रेंट क्रूड 1.6% बढ़कर 106 डॉलर प्रति बैरल हो गया, जबकि US क्रूड फ्यूचर्स 1.1% चढ़कर 93.47 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। महंगा कच्चा तेल महंगाई की चिंता बढ़ा सकता है। इससे ब्याज दरों को लेकर उम्मीदें बदल सकती हैं और बॉन्ड यील्ड ऊंची रह सकती है, जिसका दबाव बुलियन पर पड़ सकता है। हालांकि, जियोपॉलिटिकल अनिश्चितता सोने की सेफ-हेवन मांग को बढ़ा सकती है। ऐसे में सोने-चांदी की कीमतें आगे ब्याज दर, डॉलर और भू-राजनीतिक घटनाओं तीनों के असर से प्रभावित रह सकती हैं।
Gold Silver Price Crash: कीमतों में गिरावट पर क्या बोले एक्सपर्ट?
LKP Securities के कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट और VP जतिन त्रिवेदी ने कहा कि पिछले हफ्ते सोने में काफी उतार-चढ़ाव रहा। सोना ₹1.5-1.54 लाख प्रति 10 ग्राम के दायरे में कारोबार करता रहा और हफ्ते का अंत 2% से ज्यादा की गिरावट के साथ हुआ। उनके मुताबिक, ऊंचे स्तरों पर प्रॉफिट बुकिंग जारी रही, क्योंकि बाजार अक्टूबर में फेड की संभावित दर बढ़ोतरी को ध्यान में रख रहा है। त्रिवेदी ने यह भी कहा कि डॉलर इंडेक्स अगर 101 से ऊपर बना रहता है तो सोने पर दबाव और बढ़ सकता है।
Gold Silver Price Crash: सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव क्यों?
सोने और चांदी की कीमतों पर इस समय कई तरफ से दबाव है। इसकी सबसे बड़ी वजह अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बदली बाजार की उम्मीदें हैं। बाजार अब अक्टूबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में एक और बढ़ोतरी की संभावना देख रहा है। ब्याज दर और बॉन्ड यील्ड बढ़ने पर सोना-चांदी जैसे बिना ब्याज देने वाले एसेट्स निवेशकों को कम आकर्षक लगते हैं।
अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में भी तेजी आई है। 30 साल की यील्ड 2004 के बाद के उच्चतम स्तर के करीब पहुंच गई है। लंबी अवधि की यील्ड में यह बढ़ोतरी बुलियन की कीमतों पर दबाव बढ़ा रही है।
दूसरी बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर है। डॉलर इंडेक्स बढ़कर करीब 101.39 पर पहुंच गया है, जो दो महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है। डॉलर मजबूत होने से सोने समेत डॉलर में कीमत तय होने वाली कमोडिटीज की मांग पर दबाव आ सकता है।
Gold Silver Price Crash: सोना 2800 रुपए और चांदी 6000 रुपए तक सस्ती
भारतीय बाजार यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज खुलते ही सोने और चांदी में भारी गिरावट दर्ज हुई। अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना 1.85 फीसदी यानी 2800 रुपए तक टूट गया और कीमत 1,47,667 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। चांदी में 2.50 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई। कीमत 6067 रुपए गिरकर 2,28,035 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
