Egg Price Hike: महंगाई का एक और झटका! अबतक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचे दाम, नई कीमत जानिए
देश में अंडे की कीमतें अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई हैं, अब एक अंडे का ...और पढ़ें

अंडों की कीमत में फिर हुई बढ़ोतरी
HighLights
अंडे की कीमत ₹6.45 प्रति अंडा हुई, नया रिकॉर्ड।
गर्मी से उत्पादन 15% घटा, मांग बढ़ने से दाम बढ़े।
डीजल महंगा होने से माल ढुलाई खर्च भी बढ़ा।
नई दिल्ली| देश में पेट्रोल-डीजल, गैस और अन्य जरूरत के सामानों की कीमतों में काफी उछाल आया है। अब खाने-पीने की चीजें भी महंगी होती जा रही हैं। अब देशभर में अंडे की कीमत बढ़ने (Egg Price Hike) की भी खबर आ गई है। दरअसल नामक्कल नेशनल एग कोऑर्डिनेशन कमेटी (NECC) द्वारा दाम बढ़ाए जाने के बाद अंडा अब अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है। बढ़ी हुई कीमत का सीधा असर अब आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है।
कितना महंगा हुआ अंडा?
रिपोर्ट के मुताबिक अंडा अब तक के अपने सबसे महंगे स्तर पर पहुंच गया है। नई कीमत के अनुसार ₹6.45 प्रति अंडे का भाव हो गया है। इससे पहले अंडे का सबसे अधिक दाम दिसंबर 2025 में रहा जो ₹6.35 प्रति अंडा दर्ज किया गया था, अब ये रिकॉर्ड टूट चुका है। खुदरा बाजारों में प्रति अंडे की कीमत ₹10 को भी पार कर सकती है। मंगलवार तक प्रति अंडे की कीमत ₹6.40 थी, बाद में NECC के जोनल अध्यक्ष ने कीमतों में 5 पैसे और बढ़ोतरी की घोषणा की, जिसके बाद कीमत बढ़कर ₹6.45 प्रति अंडा हो गई।
क्यों बढ़ाए गए अंडों के दाम?
1 मई को एक अंडे की कीमत ₹5.70 थी, जिसके बाद लगातार कीमतें बढ़ी हैं। नामक्कल नेशनल एग कोऑर्डिनेशन कमेटी (NECC) के अधिकारियों के अनुसार, तेज गर्मी के कारण अंडों के उत्पादन में करीब 15% की कमी आई है, और मांग बढ़ी है। मांग बढ़ने और उत्पादन में कमी के कारण कीमतों में इजाफा हुआ है। इसके अलावा डीजल-पेट्रोल की आपूर्ति में समस्या और बढ़ती कीमत के कारण माल ढुलाई के खर्चे में भी इजाफा हुआ है। इसी को देखते हुए अंडे की कीमत में बढ़ोतरी की गई है।
ये भी पढ़ें: अल नीनो की वापसी से पहले मजबूत हुआ देश का खाद्यान्न भंडार, अनुमान से भी अधिक रहा चावल-गेहूं का स्टॉक
नामक्कल को मानते हैं अंडों की सिटी
तमिलनाडु के नामक्कल शहर को कई लोग देश के अंडों का शहर भी कहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां 1100-1600 छोटे बड़े मुर्गी फार्म हैं। यहां प्रतिदिन 6-7 करोड़ अंडों का उत्पादन होता है। बता दें कि भारत के अंडा एक्सपोर्ट में नामक्कल शहर की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है। खासतौर पर खाड़ी देशों में यहां का अंडा खूब भेजा और पसंद किया जाता है। अब अंडे की कीमत आम लोगों की जेब पर दबाव बना सकती है।
