Zomato ने 35 करोड़ डॉलर में खरीदा Uber Eats का भारतीय कारोबार
कैब सर्विस प्रोवाइडर ऊबर का यह ऑनलाइन फूड सर्विस कारोबार को भारत में कोई अच्छी सफलता नहीं मिल रही थी। इसी कारण ऊबर ने अपने इस कारोबार को जोमैटो को बेचने का फैसला लिया है
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। ऑनलाइन फूड डिलिवरी की सेवा देने वाली कंपनी जोमैटो ने ऊबर ईट्स का भारतीय कारोबार खरीद लिया है। जोमैटो ने यह सौदा 2485 करोड़ अर्थात करीब 35 करोड़ डॉलर में किया है। इससे पहले काफी समय से जोमैटो द्वारा ऊबर ईट्स का अधिगृहण करने की खबरें सामने आ रही थीं। कैब सर्विस प्रोवाइडर ऊबर के इस ऑनलाइन फूड सर्विस कारोबार को भारत में कोई अच्छी सफलता नहीं मिल रही थी। इसी कारण ऊबर ने अपने इस कारोबार को जोमैटो को बेचने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि अब ऊबर के पास मात्र 9.9 फीसद शेयर रहेंगे।
ऊबर ईट्स बाकी देशो में अपना कारोबार पहले की तरह ही जारी रखेगी। जोमैटो द्वारा किया गया यह अधिग्रहण सिर्फ भारत में ऊबर ईट्स के लिए है। ऐसा माना जाता है कि ऊबर अगर किसी बाजार में वर्चस्व स्थापित नहीं कर पाती, तो वह कारोबार छोड़ देती है। भारत में भी ऊबर ऑनलाइन फूड डिलिवरी सेक्टर में अपना वर्चस्व नहीं स्थापित कर सकी थी। जिस कारण कंपनी ने भारत में अपने फूड डिलिवरी कारोबार को बेचने का फैसला लिया।
कंपनी ने यह स्पष्ट किया है कि भारत में ऊबर कैब्स पहले की तरह ही अपना कारोबार करती रहेगी। जोमैटो द्वारा केवल ऊबर ईट्स के भारतीय कारोबार का ही अधिग्रहण किया गया है।
जोमैटो द्वारा ऊबर ईट्स का अधिग्रहण कर लेने से अब ऊबर ईट्स के यूजर्स भी जामैटो पर रीडायरेक्ट हो जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, ऊबर ईट्स के अधिग्रहण से इसके कर्मचारियों को छंटनी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि ऐसा कहा जा रहा है कि जोमैटो ऊबर ईट्स की टीम को नहीं लेगी। हालांकि, ऊबर ईट्स इस टीम को अपने दूसरे वर्टिकल्स में भेज सकती है।