सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SC का फैसला और शेयरों में भारी गिरावट पर YES Bank ने दी सफाई, जानिए बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज से क्या कहा?

Published: Thu, 15 Oct 2026 06:38 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट द्वारा एटी-1 बॉन्ड राइट-डाउन के फैसले को रद्द करने के बाद यस बैंक ने एक्सचेंज को स्पष्टीकरण दिया ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। यस बैंक के शेयरों (YES Bank Shares) में 15 अक्टूबर को दोपहर के दौरान अचानक बड़ी गिरावट आ गई और यह 14 फीसदी से ज्यादा टूटकर बंद हुए। दरअसल, शेयरों में यह गिरावट सुप्रीम कोर्ट के उस निर्णय के बाद आई जिसमें कोर्ट ने यस बैंक के 'एडिशनल टियर-1' बॉन्ड को राइट-डाउन करने के फैसले को रद्द कर दिया। सर्वोच्च न्यायालय के डिसीजन और शेयरों में गिरावट को लेकर अब यस बैंक ने एक्सचेंज को सफाई दी है। यस बैंक ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) को दी एक फाइलिंग में इस मामले पर स्पष्टीकरण दिया।

यस बैंक ने क्या कहा?

यस बैंक ने कहा है कि वे अभी सुप्रीम कोर्ट के फैसले की अंतिम कॉपी (Final order copy) प्राप्त करने और उसका अध्ययन करने की प्रक्रिया में हैं। फैसले के प्रभावों को समझने के बाद ही बैंक आगे की विस्तृत जानकारी साझा करेगा और इससे जुड़े वित्तीय प्रभावों पर टिप्पणी करेगा।

बैंक ने स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के अलावा उनके पास ऐसी कोई अन्य छिपी हुई जानकारी नहीं है, जिसके कारण बैंक के शेयरों में इतनी भारी गिरावट आई हो।

मामले से जुड़ी टाइम लाइन

यस बैंक ने स्टॉक एक्सचेंज को इस मामले से जुड़ी टाइमलाइन की जानकारी दी। बैंक ने बताया कि मार्च 2020 में बैंक ने 8,415 करोड़ रुपये के AT-1 बॉन्ड्स को नियम के तहत शून्य (Write-down) कर दिया था। 26 मई 2020 को बैंक ने जानकारी दी थी कि ऐक्सिस ट्रस्टी सर्विसेज ने इस फैसले के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। 20 जनवरी 2023 को बॉम्बे हाई कोर्ट ने यस बैंक के फैसले को पलट दिया था, जिसके बाद बैंक ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी। 3 मार्च 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के फैसले पर अस्थायी रोक लगा दी थी।

बता दें कि इस मामले में 15 अक्टूबर को आए डिसीजन के बाद यस बैंक के शेयरों में 16 फीसदी तक की गिरावट आ गई और यह 14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 18.12 रुपये के स्तर पर बंद हुए।

ये भी पढ़ें - भारत-अमेरिका ट्रेड डील का पहला फेज फाइनल, टैरिफ विवाद से रिश्तों में आई तल्खी हो गई दूर? ये है भारत की डिमांड

(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)