टाटा संस ने अपने बोर्ड में की दो अधिकारियों की नियुक्ति
चंद्राशेखरन ने कहा कि सौरभ अग्रवाल और भास्कर भट्ट के अनुभव से कंपनी को फायदा होगा
नई दिल्ली (जेएनएन)। टाटा संस ने आज अपने समूह के सीएफओ सौरभ अग्रवाल और ग्रुप की कंपनी टाइटन के प्रबंध निदेशक भास्कर भट्ट को समूह के बोर्ड में निदेशक के रूप में नियुक्त कर दिया। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्राशेखरन ने कहा, “हम बोर्ड ऑफ डॉयरेक्टर में भास्कर और सौरभ का स्वागत करते हैं।”
चंद्राशेखरन ने कहा, “बोर्ड काफी सारे सेग्मेंट में इन पेशेवरों के जबरदस्त अनुभव और ज्ञान से लाभ उठाएगा। मैं उनके साथ काम करने की आशा करता हूं।” भट्ट ने समूह के आभूषण और घड़ी ब्रांड टाइटन की ब्रैंड वैल्यू बढ़ाने और 10 बिलियन अमेरिकी डॉलर के बाजार पूंजीकरण में मदद की है। जबकि अग्रवाल के पास पूंजी बाजार का गहरा ज्ञान है और उनके पास टाटा ग्रुप के साथ काम करने का बहुमूल्य अनुभव है।
6 महाद्वीपों के 100 से अधिक देशों में संचालन करने वाला टाटा ग्रुप 105 बिलियन अमेरिकी डॉलर वाली कंपनी है। टाटा संस की इक्विटी शेयर पूंजी का 66% हिस्सा ट्रस्ट के पास है, जो कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका उत्पादन और कला और संस्कृति का समर्थन करता है।
साल 2016-17 के दौरान टाटा की कंपनियों ने करीब 695,000 लोगों को रोजगार दे रखा था। टाटा ग्रुप की कुल 29 सूचीबद्ध कंपनियों के पास लगभग 130.13 बिलियन अमेरिकी डॉलर का संयुक्त बाजार पूंजीकरण (31 मार्च 2017 तक) है। इन कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज,टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, टाटा पॉवर, टाटा केमिकल्स, टाटा ग्लोबल बेवरेज, टाटा टेलिसर्विसेज, टाइटन, टाटा कम्युनिकेशंस और इंडियन होटल्स शामिल हैं।