Share Market में जारी है गिरावट का दौर: सेंसेक्स 581 अंक टूटा, निफ्टी 8300 के नीचे बंद
हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी आज 405.50 अंक की भारी गिरावट के साथ 8063.30 पर खुला।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। 30 शेयरों वाला बम्बई स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 581.28 (-2.01%) अंकों की गिरावट के बाद 28,288.23 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 205.35 (-2.42%) अंकों की कमी के बाद 8,263.45 पर बंद हुआ। निफ्टी के 50 शेयरों में से 10 शेयर हरे निशान और 40 शेयर लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स आज 1,096.15 अंक की गिरावट के साथ 27,773.36 पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी आज 405.50 अंक की भारी गिरावट के साथ 8,063.30 पर खुला। दिन भर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 29,370.53 अंकों के उच्च स्तर तक गया, एक बार यह गिरकर 26,714.46 अंकों के न्यूनतम स्तर पर कारोबार करते पाया गया।
सेंसेक्स के इन शेयरों में गिरावट और उछाल
कोरोना वायरस महामारी के कारण वैश्विक आर्थिक मंदी की आशंका में निवेशक सुरक्षित विकल्पों को तरजीह दे रहे हैं। प्रमुख तीस कंपनियों के शेयरों पर आधारित सेंसेक्स में एशिया के अन्य बाजारों की तरह ही गिरावट रही। कारोबारियों के अनुसार कारोबार के दौरान रुपये की विनिमय दर डॉलर के मुकाबले 75 को पार कर गया। इससे बाजार धारणा और प्रभावित हुई। सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फाइनेंस को सर्वाधिक नुकसान हुआ। इसमें 10.24 फीसद से अधिक की गिरावट आयी। उसके बाद क्रमश: मारुति (9.85 फीसद), एक्सिस बैंक (9.50 फीसद), महिंद्रा एंड महिंद्रा (9.28 फीसद), टेक महिंद्रा (8.43 फीसद) और ओएनजीसी (7.35 फीसद) का स्थान रहा। वहीं लाभ में रहे प्रमुख शेयरों में आईटीसी, भारती एयरटेल, कोटक बैंक और हीरो मोटो कार्प में 7.50 फीसद तक की तेजी आयी।
निवेशकों को चिंता है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था आर्थिक मंदी में जा रही है। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी में सर्वाधिक 8 फीसद की गिरावट आयी। हांगकांग का हैंग सेंग, जापान का निक्की और चीन के शंघाई कंपोजिट सूचकांक में भी गिरावट दर्ज की गयी।