शेयर बाजार में गिरावट: सेंसेक्स 162 अंक टूटा, निफ्टी 12100 के नीचे बंद
आज दिन भर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 41154.66 अंकों के उच्च स्तर तक गया। एक बार यह गिरकर 40798.98 अंकों पर कारोबार करते पाया गया।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। हफ्ते के पहले दिन शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 162.23 अंको की गिरावट के साथ 40,979.62 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 66.85 अंको की गिरावट के साथ 12,031.50 पर बंद हुआ। निफ्टी के 50 शेयरों में से 10 शेयर हरे निशान और 40 लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स आज मामूली सुधार के साथ 41,166.72 अंक के स्तर पर खुला। आज दिन भर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 41,154.66 अंकों के उच्च स्तर तक गया। एक बार यह गिरकर 40,798.98 अंकों पर कारोबार करते पाया गया।
कोरोना वायरस को लेकर दुनियाभर में निवेशकों की चिंता बढ़ने के बीच वाहन और धातु कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली से बाजार में गिरावट रही. सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) में सबसे ज्यादा सात फीसद की गिरावट आई। महिंद्रा का मुनाफा घटने के बाद यह गिरावट देखी गई। एमएंडएम का एकीकृत शुद्ध लाभ दिसंबर तिमाही में 73 फीसद गिर गया। इसके अलावा टाटा स्टील , ओएनजीसी , सन फार्मा , हीरो मोटोकॉर्प , पावरग्रिड और एनटीपीसी के शेयर भी नीचे रहे। दूसरी ओर , बजाज फाइनेंस , कोटक बैंक , टीसीएस , एशियन पेंट्स , एचडीएफसी , हिंदुस्तान यूनिलीवर और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी आई।
कोरोना वायरस से नुकसान की आशंका के बीच हांगकांग , तोक्यो और सियोल के बाजार गिरावट के साथ बंद हुए जबकि शंघाई में बाजार बढ़कर बंद हुआ। भारतीय समयानुसार यूरोप के शेयर बाजार भी गिरावट के साथ खुले।