गिरावट के साथ खुले शेयर बाजार, सेंसेक्स 320 अंक लुढ़का, निफ्टी 8200 के नीचे
एनएसई का निफ्टी भी 1.06 फीसद या 87.20 अंक फिसल कर 8166.60 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
बिजनेस डेस्क। शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले। खबर लिखे जाते समय (9.21 बजे) बीएसई का सेंसेक्स 1.13 फीसद या 320.73 अंकों की गिरावट के साथ 27,944.58 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं, एनएसई का निफ्टी भी 1.06 फीसद या 87.20 अंक फिसल कर 8,166.60 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। निफ्टी के जिन शेयरों में सबसे अधिक तेजी नजर आई उनमें ओएनजीसी, सिप्ला, गेल, पावरग्रिड और रिलायंस इंडस्ट्रीज शामिल हैं। वहीं, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी, टाटा मोटर्स और आईसीआईसीआई बैंक में गिरावट देखी गई।
एशियाई बाजारों का हाल
चार दिनों की गिरावट के बाद शुक्रवार को जापान का टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज बढ़त के साथ खुला। Nikkei में 1.22 फीसद की बढ़त देखी गई। हांग कांग का हैंग सेंग 0.89 फीसद या 207.11 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। शंघाई कंपोजिट 0.25 फीसद लुढ़क कर 2,773.58 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। SGX Nifty की बात करें तो यह 0.45 फीसद की गिरावट के साथ सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज पर कारोबार कर रहा था। वहीं, दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 0.48 फीसद की बढ़त देखी गई।
अमेरिकी बाजार में गुरुवार को आया उछाल
गुरुवार को भारतीय बाजार रामनवमी के उपलक्ष्य में बंद थे। अमेरिकी बाजार की बात करें तो यह गुरुवार को उछाल के साथ बंद हुआ। डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज में 2.23 फीसद की तेजी देखी गई। वहीं, एस एंड पी 500 में भी 2.27 का उछाल आया। नास्डैक कंपोजिट 1.72 फीसद की बढ़त के साथ बंद हुआ।
बुधवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ हुए थे बंद
बुधवार को सेंसेक्स 4.08 फीसद या 1203.18 अंकों की गिरावट के साथ 28,265.31 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, एनएसई का निफ्टी50 भी 343.95 अंक या 4 फीसद टूटकर 8,253.80 के स्तर पर बंद हुआ था।