शेयर बाजार बढ़त के साथ हुआ बंद: सेंसेक्स में 354 अंकों की तेजी, निफ्टी 12000 के पार
आज दिन भर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 41154.66 अंकों के उच्च स्तर तक गया। एक बार यह गिरकर 40703.32 अंकों पर कारोबार करते पाया गया।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। बुधवार को शेयर बाजार भारी बढ़त के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 354.08 अंको की वृद्धि के साथ 41,143.46 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 110.60 अंको की भारी उछाल के साथ 12,090.25 पर बंद हुआ। निफ्टी के 50 शेयरों में से 36 शेयर हरे निशान और 14 लाल निशान में बंद हुए। शेयर बाजार बुधवार को बढ़त के साथ खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज 132.41 अंक की बढ़ोत्तरी के साथ 40,863.10 पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी आज 26.20 अंक की बढ़ोत्तरी के साथ 12,005.85 पर खुला। आज दिन भर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 41,154.66 अंकों के उच्च स्तर तक गया। एक बार यह गिरकर 40,703.32 अंकों पर कारोबार करते पाया गया।
सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील सर्वाधिक लाभ में रहा। इसमें 5.14 फीसद की तेजी आई। उसके बाद क्रमश: भारती एयरटेल, एचडीएफसी, टीसीएस, एलऐंडटी, एसबीआई और रिलायंस इंडस्ट्रीज का स्थान रहा। वहीं दूसरी तरफ, हीरो मोटो कॉर्प में सर्वाधिक 3.83 फीसद की गिरावट आई। पावर ग्रिड, मारुति, एशियन पेंट्स और नेस्ले इंडिया भी नुकसान में रहे।
जानकारों के मुताबिक सर्विस सेक्टर की गतिविधियों में तेजी और सकारात्मक ग्लोबल संकेतों के चलते शेयर बाजारों के उत्साह में वृद्धि हुई। इसके अलावा गुरुवार को प्रस्तावित आरबीआइ की मौद्रिक नीति की घोषणा का असर भी संवेदनशील स्टॉक्स पर देखने को मिला। बीते जनवरी में देश के सर्विस सेक्टर की ग्रोथ रेट सात वर्षो के शीर्ष पर रही। इससे पहले जारी मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर की ग्रोथ रेट भी काफी उत्साहजनक रही थी।
कोरोना वायरस के सदमे से गुजर रहे चीन की ओर से नीतिगत सुधारों का आश्वासन देने के बाद चीन सहित एशिया के अन्य बाजारों में सकारात्मक माहौल रहा। इस दौरान शंघाई, हांगकांग, टोक्यो और सियोल के शेयर बाजारों में 1.25 परसेंट तक की तेजी दर्ज की गई। इस बीच डॉलर के मुकाबले रुपये का भाव लगभग स्थिर रहा। एक डॉलर 71.24 रुपये के भाव पर बिका