Closing Bell: सेंसेक्स ने गंवाई शुरुआती बढ़त, 63 अंक की गिरावट के साथ बंद, जानें क्या रही वजह
Sensex Close दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स में एक समय में 414.11 अंक की बढ़त देखने को मिली थी।
मुंबई, पीटीआइ। BSE का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती बढ़त को गंवाकर मंगलवार को 63 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों और लॉकडाउन से जुड़े उपायों की वजह से पैदा हुई अनिश्चितता के कारण बाद के घंटों में सेंसेक्स में गिरावट देखने को मिली और वह 63.29 अंक यानी 0.21 फीसद की गिरावट के साथ 30,609.30 अंक पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स में एक समय में 414.11 अंक की बढ़त देखने को मिली थी। इसी तरह NSE Nifty भी 10.20 अंक यानी 0.11 अंक की गिरावट के साथ 9,029.05 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स पर Bharti Airtel के शेयरों में सबसे अधिक 6 फीसद की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद TCS, Bajaj Finance, Sun Pharma, Tech Mhindra, Infosys और Hero MotoCorp का स्थान आता है।
दूसरी ओर Titan, Ultratech Cement, IndusInd Bank, Nestle India और ITC के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त देखने को मिली।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज में रिसर्च विभाग के प्रमुख विनोद नायर ने इस बारे में कहा कि एक फीसद से भी अधिक ऊपर खुलने के बावजूद नकारात्मक रुख के कारण सेंसेक्स लगभग कल के बंद के आसपास ही बंद हुआ। हालांकि, अतिरिक्त प्रोत्साहन पैकेज और अर्थव्यवस्था को धीरे-धीरे खोलने की उम्मीद के बीच वैश्विक बाजार में माहौल सकारात्मक रहा।
उन्होंने कहा कि भारत में संक्रमितों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। इस वजह से लॉकडाउन को बढ़ाए जाने से जुड़े उपायों को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़े के मुताबिक देश में कोरोना वायरस से जुड़े मामलों की संख्या बढ़कर 1,45,380 हो गई है। वहीं, मरने वालों की संख्या 4,167 के आंकड़े तक पहुंच गई है।