लाल निशान में बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 181 अंक टूटा
सेंसेक्स कारोबार के दौरान 41702.98 अंक के उच्चतम स्तर तक गया। निफ्टी के 50 शेयरों में से 24 हरे और 26 लाल निशान में बंद हुए।
नई दिल्ली, पीटीआइ। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 181.40 अंक यानी 0.44% फीसद की गिरावट के साथ 41,461.26 पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50.75 अंक कमजोर होकर 12,212.00 पर बंद हुआ। सेंसेक्स कारोबार के दौरान 41,702.98 अंक के उच्चतम स्तर तक गया। निफ्टी के 50 शेयरों में से 24 हरे और 26 लाल निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक नुकसान में एचसीएल टेक रही। इसमें 1.80 फीसद की गिरावट आयी। उसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, टेक महिंद्रा, एल एंड टी, मारुति, बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी का स्थान रहा। वहीं दूसरी तरफ इंडसइंड बैंक, ओएनजीसी, भारती एयरटेल, हीरो मोटो कार्प और एनटीपीसी में अच्छी तेजी दर्ज की गयी।
वैश्विक बाजारों में शंघाई (चीन) और तोक्यो (जापान) में तेजी रही जबकि हांगकांग (चीन) और सोल (दक्षिण कोरिया) में गिरावट दर्ज की गयी। शुरूआती कारोबार में यूरोप के प्रमुख बाजारों में तेजी रही।