Stock Market Update: Sensex धड़ाम, M&M के शेयर 5% से ज्यादा टूटे; जानें क्या हैं कारण
Sensex Nifty Update महिंद्रा एंड महिंद्रा एवं टाटा समूह के टाटा स्टील के निराशाजनक तिमाही परिणाम से शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई है।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। Mahindra & Mahindra और Tata Steel जैसी प्रमुख कंपनियों के निराशाजनक तिमाही रिजल्ट की वजह से सप्ताह के पहले सत्र में BSE Sensex और NSE Nifty में जबरदस्त गिरावट का रुख देखा जा रहा है। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक Sensex पर सुबह 11:31 बजे 276.11 अंक यानी 0.67 फीसद की गिरावट के साथ 40,865.74 अंक पर कारोबार हो रहा है। वहीं, NSE Nifty पर 93.80 यानी 0.78 फीसद की गिरावट के साथ 12,004.55 अंक पर ट्रेडिंग चल रही है।
M&M और Tata Steel के रिजल्ट से टूटा सेंसेक्स
प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा एवं टाटा समूह के टाटा स्टील के निराशाजनक तिमाही परिणाम से शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई है। Mahindra & Mahindra ने शनिवार को अक्टूबर-दिसंबर, 2019 के लिए अपने तिमाही परिणाम की घोषणा की। कंपनी ने बताया कि उसका शुद्ध लाभ आलोच्य तिमाही में 73 फीसद की भारी गिरावट के साथ महज 380 करोड़ रुपये रह गए। यही वजह है कि कंपनी के शेयरों में सोमवार को 5.41 फीसद की गिरावट दर्ज की जा रही है। Tata Steel के शेयर भी 4.85 फीसद टूट गए हैं। कंपनी के शेयर अब तक के कारोबार में 5.5 फीसद तक लुढ़क चुके हैं। कंपनी ने जानकारी दी है कि चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में उसे 1,229 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। टाटा समूह की इस कंपनी को पिछले वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 1,753 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था।
मामूली बढ़त के साथ खुला था सेंसेक्स
सेंसेक्स शुक्रवार को 41,141.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। सप्ताह के पहले सत्र में Sensex मामूली सुधार के साथ 41,166.72 अंक के स्तर पर खुला और 41,172.06 के उच्चतम स्तर तक गया। उसके बाद सेंसेक्स में गिरावट का सिलसिला शुरू हुआ और एक समय में वह लुढ़ककर 40,798.98 अंक तक पहुंच गया था। BSE Sensex पर केवल Bharti Airtel, बजाज फाइनेंस, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक एवं बजाज ऑटो के शेयर ही हरे निशान में हैं।